लगातार बारिश के कारण चौथे दिन का खेल रद्द, नहीं फेंकी जा सकी एक भी गेंद
भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के चौथे दिन का खेल लगातार बारिश के कारण रद्द कर दिया गया। चौथे दिन एक भी गेंद नहीं फेंकी जा सकी। तीसरे दिन का खेल भी खराब रोशनी के कारण जल्दी खत्म कर दिया गया था। बता दें कि फाइनल मुकाबले में चार दिन में केवल 140 ओवरों का खेल ही हो पाया है।
बारिश के कारण चौथे दिन का खेल रद्द
भारत और न्यूजीलैंड के बीच विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) फाइनल के चौथे दिन का खेल लगातार बारिश के चलते रद्द कर दिया गया। इससे पहले तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक न्यूजीलैंड ने भारत के 217 रन के जवाब में अपनी पहली पारी में दो विकेट पर 101 रन बनाए थे। तीसरे दिन भी आउटफील्ड गीली होने के कारण खेल देर से शुरू हुआ था और खराब रोशनी के कारण इसे जल्दी समाप्त करना पड़ा था। बारिश के कारण पहले दिन खेल नहीं हो पाया था जबकि दूसरे दिन 64.4 ओवर का ही खेल हो सका था। खराब रोशनी के कारण दूसरे दिन तीसरे सत्र में अधिकतर समय खेल नहीं हो पाया था। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) अब बर्बाद समय की भरपाई के लिए छठे दिन का उपयोग करेगी क्योंकि मैच में अभी तक केवल 141.1 ओवर ही संभव हो पाए हैं। यदि मैच ड्रॉ समाप्त होता है तो दोनों टीमों को संयुक्त विजेता घोषित कर दिया जाएगा।