सामाजिक संस्था रेलवे सुविधा संघर्ष समिति द्वारा जनसहयोग से चल रही है जलसेवा
भीषण गर्मी भी नहीं रोक पा रही जलसेवकों के जुनून को
बदरवास - नगर के रेलवे स्टेशन पर सामाजिक संस्था रेलवे सुविधा संघर्ष समिति द्वारा यात्रियों को आरओ कैम्पर का ठंडा जल पिलाकर मानवीय और सराहनीय पुण्य कार्य किया जा रहा है समिति द्वारा जनसहयोग से बदरवास स्टेशन पर रुकने वाली ट्रेनों के यात्रियों को आरओ का ठंडा पानी बोगी में ही उपलब्ध कराया जा रहा है यात्रियों को पानी पिलाने के साथ ही आगे के सफर के लिए उनकी बोतलें को भरने का काम भी इन जलसेवा कर रहे जलसेवकों द्वारा किया जा रहा है
सामाजिक संस्था रेलवे सुविधा संघर्ष समिति द्वारा प्रतिवर्ष बदरवास रेलवे स्टेशन पर आने वाली ट्रेनों के यात्रियों के लिए जलसेवा का कार्य किया जाता है समिति द्वारा जनसहयोग से जारी इस पुण्य पुनीत कार्य की सभी जगह चर्चाएं हैं और लोग इस जलसेवा कार्य की भूरि भूरि प्रशंसा कर रहे हैं।
यात्रियों को आरओ कैम्पर का ठंडा जल स्टेशन पर रुकने वाली प्रत्येक ट्रेन में हाथों में ठंडे पानी के कैम्पर और बोतल भरने के लिए मग और कीप थामे जलसेवक ट्रेन की हर बोगी तक जाकर और आवाज लगाकर प्यासे यात्रियों को पानी पिलाने और उनकी बोतलों को भरने का काम कर रहे हैं जिससे यात्रियों को भीषण गर्मी के मौसम में राहत मिल रही है।यह जलसेवा न केवल यात्रियों के लिए एक बड़ी राहत है, बल्कि यह समिति की यात्रियों के प्रति संवेदनशीलता और समर्पण का एक उदाहरण है।
भीषण गर्मी भी नहीं रोक पा रही जलसेवा के जुनून को
वर्तमान में तापमान का पारा चढ़ा हुआ है और भयानक गर्मी का दौर जारी है लेकिन यह झुलसाने वाली गर्मी भी बदरवास स्टेशन पर जलसेवा कर रहे जलसेवकों द्वारा यात्रियों को पानी पिलाने से नहीं रोक पा रही है। भरी दोपहरी में जब सूर्यदेव का कोप चरम पर होता है तब भी स्टेशन पर रुकने वाली ट्रेनों में प्यासे यात्रियों को ठंडा पानी पिलाने जलसेवक पहुंच जाते हैं। चिलचिलाती गर्मी में जब प्यास के कारण परेशान यात्रियों को ये जलसेवक ठंडा जल पिलाते हैं तो यात्रियों को तो राहत मिलती ही है साथ ही गर्मी के कारण पसीने से लथपथ इन जनसेवकों के चेहरे पर भी संतुष्टि के भाव आ जाते हैं।
जलसेवा की हो रही सराहना
बदरवास रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुविधा संघर्ष समिति द्वारा निरंतर जारी इस जलसेवा की क्षेत्र में और यात्रियों द्वारा इस पहल की व्यापक सराहना की जा रही है लोग समिति के इस जलसेवा कार्य को एक अच्छा और मानवीय कार्य बताकर सराह रहे हैं क्योंकि यह जलसेवा यात्रियों के लिए एक बड़ी राहत प्रदान कर रही है अभी जब तापमान अपने चरम पर है ऐसे में समिति द्वारा यात्रियों को आरओ कैम्पर का ठंडा पानी पिलाया जा रहा है, जो कि यात्रियों की प्यास बुझाने और गर्मी से राहत दिलाने में मदद कर रहा है।
Tags
Shivpuri