सतनवाड़ा के सिद्ध नाला पर आबकारी-वन विभाग की संयुक्त दबिश, 1400 किलो लहान जब्त - Shivpuri


अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई में 22 लीटर हाथ भट्टी मदिरा भी बरामद, आबकारी अधिनियम के तहत दो प्रकरण दर्ज

शिवपुरी। जिले में अवैध शराब के निर्माण और विक्रय पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी एवं वन विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए 22 लीटर हाथ भट्टी मदिरा और 1400 किलोग्राम लहान जब्त की है। कार्रवाई सतनवाड़ा के पास सिद्ध नाला क्षेत्र में की गई।

कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार आबकारी विभाग की टीम ने वृत्त शिवपुरी प्रभारी राहुल गुप्ता के नेतृत्व में वन विभाग के साथ संयुक्त रूप से संवेदनशील स्थानों पर दबिश दी। इस दौरान सिद्ध नाला क्षेत्र से अवैध शराब बनाने में उपयोग होने वाली सामग्री बरामद की गई।

टीम ने मौके से 22 लीटर हाथ भट्टी मदिरा जब्त की, जबकि 1400 किलोग्राम लहान को आबकारी नियमों के तहत नष्ट करने की कार्रवाई की गई। मामले में आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) के तहत दो आपराधिक प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

आबकारी अधिकारियों के अनुसार अवैध शराब के निर्माण और बिक्री से जुड़ी शिकायतों एवं सूचनाओं के आधार पर जिले में लगातार जांच और दबिश अभियान चलाया जा रहा है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म