सरस्वती शिशु मंदिर गणेश कॉलोनी में तीन दिवसीय संभाग स्तरीय प्रभावी शिशु वाटिका – संसाधन उपयोग प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित
शिवपुरी - विद्या भारती मध्यभारत प्रांत के मार्गदर्शन में सरस्वती शिशु मंदिर गणेश कॉलोनी, शिवपुरी में तीन दिवसीय संभाग स्तरीय प्रभावी शिशु वाटिका–संसाधन उपयोग प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य शिशु वाटिका में निर्धारित शैक्षिक व्यवस्थाओं एवं उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग करते हुए बालकों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षण प्रक्रिया को अधिक रुचिकर, गतिविधि आधारित एवं प्रभावी बनाना रहा।
कार्यशाला में संभाग के 7 जिलों से 69 प्रतिभागियों ने सहभागिता की। प्रतिभागियों को विद्या भारती मध्यभारत प्रांत की शिशु वाटिका की मास्टर ट्रेनर्स द्वारा विभिन्न विषयों एवं गतिविधियों का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। कार्यशाला का आयोजन 27 से 29 सितंबर तक विद्या भारती की रीति-नीति के अनुसार किया गया।
तीन दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान शिशु वाटिका में निर्धारित समयानुसार 12 शैक्षिक व्यवस्थाओं के प्रभावी उपयोग, विभिन्न गतिविधियों में ICT के प्रयोग, अभ्यास क्रमानुसार शैक्षिक व्यवस्थाओं के संचालन, इन्द्रिय विकास तथा पंचकोषात्मक अवधारणा की स्पष्टता पर विशेष रूप से प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के विभिन्न सत्रों में मास्टर ट्रेनर्स द्वारा प्रतिभागियों को गतिविधि आधारित शिक्षण पद्धति, शिशुओं की आयु एवं आवश्यकताओं के अनुरूप शिक्षण सामग्री के उपयोग तथा उपलब्ध संसाधनों को शिक्षा प्रक्रिया से जोड़ने के व्यावहारिक तरीके बताए गए। प्रशिक्षण में इस बात पर भी जोर दिया गया कि प्रारंभिक अवस्था में बच्चों को अनुभव, गतिविधि और सहभागिता के माध्यम से सीखने के अधिक अवसर प्रदान किए जाएं।
कार्यशाला के तीनों दिवस अलग-अलग सत्रों में प्रशिक्षार्थियों का मार्गदर्शन किया गया। इस अवसर पर सरस्वती विद्या प्रतिष्ठान मध्यप्रदेश भोपाल के सम्माननीय सदस्य एवं शिवपुरी जिले के जिला प्रतिनिधि कुंजबिहारी चतुर्वेदी, ग्राम भारती शिक्षा समिति के प्रांतीय अध्यक्ष महेन्द्र सिंह रघुवंशी, श्रीमती विनीता जैन, डॉ. पल्लवी गोयल एवं धीरेन्द्र सिंह जादौन का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
प्रशिक्षण सत्रों में शिशु वाटिका की अवधारणा, बाल विकास के विभिन्न आयामों, गतिविधि आधारित शिक्षण, इन्द्रिय विकास तथा पंचकोषात्मक विकास को व्यवहारिक रूप से समझाया गया। प्रतिभागियों ने विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता करते हुए प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त जानकारी का अभ्यास भी किया।
कार्यशाला के समापन अवसर पर सरस्वती विद्या प्रतिष्ठान मध्यप्रदेश भोपाल के सम्माननीय अध्यक्ष शिरोमणि जी दुबे का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दुबे ने कहा कि विद्या भारती छात्रों के पंचकोषात्मक विकास को ध्यान में रखकर पांच आधारभूत विषयों के माध्यम से शिक्षा प्रदान करते हुए उनके सर्वांगीण विकास का प्रयास करती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा के क्षेत्र में ICT का प्रयोग शिक्षण प्रक्रिया को अधिक प्रभावी एवं रुचिकर बनाने की दृष्टि से अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए आचार्यों - दीदियों का निरंतर प्रशिक्षण भी आवश्यक है।
उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से आह्वान किया कि कार्यशाला में प्राप्त ज्ञान एवं कौशल को अपने-अपने विद्यालयों में प्रभावी रूप से लागू करें, ताकि शिशु वाटिका के माध्यम से बच्चों के विकास के प्रत्येक पक्ष को उचित दिशा मिल सके।
कार्यशाला के समापन समारोह के शुभारंभ अवसर पर माँ सरस्वती, ॐ एवं भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर सरस्वती वंदना के साथ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। विद्या भारती की परंपरा एवं रीति-नीति के अनुरूप आयोजित इस कार्यशाला में प्रशिक्षण के साथ-साथ संस्कारयुक्त एवं मूल्य आधारित शिक्षा के विभिन्न पक्षों पर भी चर्चा की गई।
तीन दिवसीय प्रशिक्षण के सफल समापन के पश्चात सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। प्रतिभागियों ने कार्यशाला को उपयोगी एवं व्यवहारिक बताते हुए कहा कि प्रशिक्षण के दौरान शिशु वाटिका की विभिन्न व्यवस्थाओं एवं संसाधनों को प्रभावी ढंग से उपयोग करने के साथ-साथ ICT एवं गतिविधि आधारित शिक्षण के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई।
कार्यशाला में विद्या भारती मध्यभारत प्रांत के शिशु वाटिका प्रांत समूह संयोजक मुकुट बिहारी शर्मा, प्रांत संयोजक श्रीमती सुरेखा ठाकुर, सरस्वती विद्यापीठ आवासीय विद्यालय शिवपुरी के प्रबंधक पवन शर्मा, सह-प्रबंधक जितेन्द्र परसाई, प्राचार्य लोकेंद्र सिंह मेवाड़ा तथा सरस्वती शिशु मंदिर गणेश कॉलोनी की प्राचार्या श्रीमती नम्रता सेंगर सहित प्रशिक्षार्थी, मास्टर ट्रेनर्स एवं अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
तीन दिवसीय इस कार्यशाला के माध्यम से शिशु वाटिका से जुड़े आचार्यों एवं कार्यकर्ताओं को आधुनिक शैक्षिक संसाधनों, गतिविधि आधारित शिक्षण तथा पंचकोषात्मक विकास की अवधारणा को व्यवहार में उतारने का महत्वपूर्ण अवसर मिला। कार्यशाला का उद्देश्य प्रशिक्षण तक सीमित न रहकर विद्यालयों में प्राप्त ज्ञान के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से बच्चों के सर्वांगीण एवं संस्कारयुक्त विकास को गति देना रहा।
