90 हजार रुपये की शराब और 10 लाख रुपये कीमत की कार जब्त, आरोपी को न्यायालय में किया पेश
बदरवास/शिवपुरी। जिले में अवैध शराब के कारोबार और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बदरवास थाना पुलिस ने ग्राम सेसईखुर्द के पास कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से शराब का परिवहन कर रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 153 लीटर देशी शराब और शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही अर्टिगा कार जब्त की है। जब्त शराब की कीमत करीब 90 हजार रुपये तथा कार की कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 2 नवंबर 2026 को थाना प्रभारी निरीक्षक नवीन यादव को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सेसईखुर्द में एक अर्टिगा कार से देशी शराब बिक्री के लिए ले जाई जा रही है। सूचना पर थाना प्रभारी ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामदास प्रजापति एवं कोलारस एसडीओपी संजय मिश्रा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित कर तत्काल कार्रवाई की। पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान संदिग्ध अर्टिगा कार को रोककर तलाशी ली।
कार चालक ने पूछताछ में अपना नाम हीरा कुशवाह पुत्र हल्केराम कुशवाह (26), निवासी ग्राम निजामपुर, चौकी मगरोनी, थाना नरवर बताया। तलाशी के दौरान कार से देशी प्लेन शराब की 12 पेटियां और देशी मसाला शराब की 5 पेटियां बरामद हुईं। इनमें कुल 850 क्वार्टर शराब रखी हुई थी। शराब के परिवहन और बिक्री से संबंधित लाइसेंस मांगने पर चालक कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने मौके से शराब और करीब 10 लाख रुपये कीमत की अर्टिगा कार जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध थाना बदरवास में अपराध क्रमांक 390/26, धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया। इसके बाद आरोपी कोलारस न्यायालय में पेश किया गया।
इनकी रही कार्रवाई में भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नवीन यादव, उपनिरीक्षक नोबेल खेस, उपनिरीक्षक शिखा तिवारी, सहायक उपनिरीक्षक राकेश शिवहरे, नारायण सिंह, प्रधान आरक्षक गोविंद भदौरिया, दीपक शर्मा, आरक्षक सदन भिलाला, राजकुमार भिलाला, रिंकू माहौर, थान सिंह एवं दीनू रघुवंशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Tags
Badarwas