पचावली-पिछोर मार्ग पर ओवरलोडिंग और नियमों के उल्लंघन की शिकायतों पर चला चेकिंग अभियान, बसों से लेकर ऑटो तक की हुई जांच
रन्नौद। दीपावली त्योहार के मद्देनजर यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आरटीओ विभाग ने वाहन चालकों के खिलाफ सख्ती शुरू कर दी है। इसी क्रम में शिवपुरी जिले के रन्नौद थाना क्षेत्र में आरटीओ विभाग की टीम ने विशेष चेकिंग अभियान चलाकर 22 वाहनों के चालान बनाए। इस कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति रही।
जानकारी के अनुसार पचावली-पिछोर मार्ग पर ओवरलोड बसों और बिना परमिट संचालित यात्री वाहनों के आवागमन की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए आरटीओ विभाग की टीम ने मार्ग पर वाहनों की जांच की। इस दौरान बस, मैजिक, ऑटो और चार पहिया वाहनों सहित कुल 22 वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।
चेकिंग के दौरान टीम ने वाहनों के परमिट, फिटनेस प्रमाण पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, चालक बैज और ओवरलोडिंग की जांच की। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों को चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई की गई। जांच में रावत बस बिना वैध परमिट संचालित होती मिली, जिस पर 32 हजार रुपये का चालान बनाया गया। चालान की राशि थाने में जमा कराए जाने की जानकारी दी गई है।
त्योहार के दौरान जारी रहेगी कार्रवाई
आरटीओ विभाग के इंस्पेक्टर प्रवीण डावर ने बताया कि त्योहार के दौरान पचावली-पिछोर मार्ग पर ओवरलोड बसों के संचालन की शिकायतें मिल रही थीं। इसी आधार पर टीम ने चेकिंग अभियान चलाकर 22 वाहनों पर कार्रवाई की। जांच में रावत बस बिना परमिट संचालित पाई गई, जिस पर 32 हजार रुपये की चालानी कार्रवाई की गई है। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।
प्रवीण डावर, इंस्पेक्टर, आरटीओ विभाग शिवपुरी।
Tags
Rannod