ग्राम बढ़खाड़ी में मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई, आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को भेजा जेल
शिवपुरी - जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आबकारी विभाग की टीम ने नरवर क्षेत्र के ग्राम बढ़खाड़ी में दबिश देकर 36 लीटर अवैध मदिरा जब्त की है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जिसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देश पर आबकारी विभाग द्वारा अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत वृत्त करैरा की टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर ग्राम बढ़खाड़ी में अचानक दबिश दी। तलाशी के दौरान मौके से मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त 36 लीटर अवैध मदिरा बरामद की गई।
मौके से कल्लू पुत्र हरबिलास केवट (51 वर्ष), निवासी ग्राम बढ़खाड़ी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) एवं 49(क) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया। कार्रवाई के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया।
यह कार्रवाई आबकारी उपायुक्त संदीप शर्मा के निर्देशन एवं जिला आबकारी अधिकारी शुभम दांगोड़े के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में वृत्त करैरा प्रभारी राहुल गुप्ता, आबकारी उपनिरीक्षक विनीत कुमार शर्मा, बृजराज शर्मा, लोकेश बेवारिया सहित आबकारी बल और होमगार्ड के जवान शामिल रहे।
आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी, गश्त और सघन जांच के माध्यम से अवैध कारोबार पर कार्रवाई की जाएगी।
Tags
Shivpuri