अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसने की तैयारी, कलेक्टर वर्मा ने गठित किए दो उड़नदस्ता दल - Shivpuri

निर्माण, संग्रहण, बिक्री और परिवहन पर रहेगी पैनी नजर, संवेदनशील मार्गों पर होगी आकस्मिक जांच और रात्रिकालीन गश्त

शिवपुरी। जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण, क्रय-विक्रय और परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने अवैध शराब के कारोबार पर निगरानी रखने और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए दो अलग-अलग उड़नदस्ता दलों का गठन किया है। गठित दल जिले में लगातार जांच अभियान चलाने के साथ संदिग्ध ठिकानों पर दबिश और कार्रवाई करेंगे।

इस व्यवस्था के तहत मंडल प्रभारी एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी सत्येन्द्र पाराशर को दोनों उड़नदस्ता दलों का प्रभारी बनाया गया है। दल क्रमांक-1 में आबकारी उप निरीक्षक विनीत कुमार शर्मा, तीर्थराज भारद्वाज एवं लोकेश बेवारिया को शामिल किया गया है। वहीं दल क्रमांक-2 की जिम्मेदारी आबकारी उप निरीक्षक राहुल गुप्ता एवं बृजराज शर्मा को सौंपी गई है।

दुकान विहीन क्षेत्रों और ग्रामीण इलाकों पर विशेष नजर

प्रशासन द्वारा गठित उड़नदस्ता दलों को जिले के मदिरा दुकान विहीन क्षेत्रों का चिन्हांकन कर वहां सघन एवं निरंतर जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा पैकारी, एजेंट, डायरी अथवा अन्य माध्यमों से संचालित अवैध शराब बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाया जाएगा। ऐसे मामलों में मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

संवेदनशील मार्गों पर होगी रात्रिकालीन गश्त

उड़नदस्ता दल जिले के संवेदनशील मार्गों, जिला सीमाओं और ग्रामीण क्षेत्रों में आकस्मिक वाहन जांच करेंगे। रात्रिकालीन गश्त के साथ ढाबों की भी सघन जांच की जाएगी, ताकि अवैध मदिरा के परिवहन और बिक्री पर रोक लगाई जा सके।

वहीं संदिग्ध अथवा मिलावटी मदिरा मिलने पर तत्काल नमूने लेकर परीक्षण कराया जाएगा। जनस्वास्थ्य के लिए जोखिम वाले मामलों में विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर संबंधित अधिकारियों को भेजी जाएगी।

जिला प्रशासन की इस पहल को जिले में अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण और आबकारी नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म