मुड़खेड़ा में अवैध कब्जा हटाकर चम्पाबाई को सौंपा भूमि का आधिपत्य, गंभीर बीमारी से पीड़ित नरेश खण्डेल को रेडक्रॉस से मिली 10 हजार की सहायता
शिवपुरी। जिले में आमजन की शिकायतों के निराकरण और भूमि विवादों के मामलों में जिला प्रशासन द्वारा कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देश पर प्रशासनिक दल ने ग्राम मुड़खेड़ा में आदिवासी महिला की जमीन से अवैध कब्जा हटवाकर उसे वापस दिलाया।
जानकारी के अनुसार, ग्राम मुड़खेड़ा निवासी श्रीमती चम्पाबाई आदिवासी की सर्वे नंबर 278, रकबा 1.160 हेक्टेयर भूमि पर तार फेंसिंग और पत्थरों की मुड़्डी डालकर अवैध कब्जा कर लिया गया था। मामला कलेक्टर अर्पित वर्मा के संज्ञान में आने के बाद उन्होंने संबंधित एसडीएम एवं तहसीलदार को तत्काल कार्रवाई कर जमीन कब्जामुक्त कराने के निर्देश दिए।
निर्देशों के पालन में प्रशासनिक दल मौके पर पहुंचा और अनावेदक तरुण शर्मा द्वारा किए गए अवैध कब्जे को हटवाया। कार्रवाई के दौरान पंचनामा तैयार कर तार फेंसिंग एवं पत्थरों की मुड़्डी हटाई गई तथा चम्पाबाई को उनकी जमीन का वैध आधिपत्य वापस सौंप दिया गया। कार्रवाई के बाद चम्पाबाई ने जिला प्रशासन और कलेक्टर के प्रति आभार व्यक्त किया।
गंभीर बीमारी से पीड़ित नरेश को 10 हजार की सहायता
इसी क्रम में प्रशासन ने जरूरतमंद की मदद के लिए भी संवेदनशीलता दिखाई। बदरवास की हनुमान कॉलोनी, वार्ड क्रमांक 13 निवासी गंभीर बीमारी से पीड़ित नरेश खण्डेल को बेहतर उपचार के लिए रेडक्रॉस मद से 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई। कलेक्टर अर्पित वर्मा ने उन्हें सहायता राशि का चेक प्रदान किया।
Tags
Shivpuri