केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले गुरुवार को अभिनेत्री कंगना रनौत से मिलने के लिए उनके निवास पर पहुंचे हैं। कंगना रनौत से मिलने के बाद केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने बताया, कंगना ने कहा कि वह राजनीति में दिलचस्पी नहीं रखती हैं, लेकिन समाज में एकता सुनिश्चित करने में दिलचस्पी रखती हैं। उन्होंने कहा कि उनकी आगामी फिल्म में वह एक दलित की भूमिका निभा रही हैं और उस जाति व्यवस्था को समाप्त किया जाना चाहिए। इसलिए उन्हें राजनीति में दिलचस्पी नहीं है और जब तक वह फिल्मों में काम कर रही है, तब तक उनका राजनीति में शामिल होने का कोई इरादा नहीं है, लेकिन अगर वह भाजपा या आरपीआई में शामिल होती है, तो हम उसका स्वागत करेंगे। बता दें कि बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने बुधवार को बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत का दफ्तर तोड़ दिया था। बीएमसी ने उनके कार्यालय में 14 उल्लंघन बताए, जिसमें रसोई के लिए चिन्हित स्थान पर शौचालय बनाना और शौचालय के लिए चिन्हित जगह पर दफ्तर सेटअप करना शामिल है। इसके बाद बंबई उच्च न्यायालय ने उनका दफ्तर तोड़ने पर रोक लगा दी। अदालत ने कहा कि बीएमसी का कदम घातक और अपमानजनक है। हालांकि, इस मामले में आज बॉम्बे हाइ कोर्ट में सुनवाई होनी थी, जिसे 22 सितंबर तक के लिए टाल दिया गया है। वहीं, कंगना आज अपने टूटे दफ्तर का मुआयना करने पहुंची थीं। इस दौरान वह 10 मिनट तक अपने कार्यालय का मुआयना की और इसके बाद वह वापस अपने घर लौट गईं। इसके बाद केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले कंगना से मिलने उनके आवास पर पहुंचे हैं।