उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज है और उसे दबाया नहीं जा सकता। कांग्रेस की ताकत देश की जनता है, इसलिए कितनी ही बार गिरफ्तार कर लो, धक्के मारो, इनका कोई फर्क नहीं पड़ता।
सीबीआई मुख्यालय में आयोजित प्रदर्शन के बाद कांग्रेस अध्यक्ष ने गिरफ्तारी दी। उनके साथ गिरफ्तारी देने वाले वाले पार्टी के अन्य नेताओं में अहमद पटेल, हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्रसिंह हुड्डा, मुख्य प्रवक्ता रणदीपसिंह सुरजेवाला, पार्टी महासचिव अशोक गहलोत, भुवनेश्वर कलीता, राज बब्बर, पार्टी नेता दीपेन्द्र हुड्डा तथा प्रमोद तिवारी सहित कई नेता शामिल थे। पार्टी ने देश के विभिन्न हिस्सों में सीबीआई निदेशक के खिलाफ की गई कार्रवाई के विरोध में प्रदर्शन किया।
गांधी ने कहा कि यह सच्चाई है कि प्रधानमंत्री ने राफेल लड़ाकू विमान का सौदा बदला है। इसके लिए उन्होंने किसी से कोई सलाह मशविरा नहीं किया। इस सौदे में सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी एचएएल को मिलने वाले 30 हजार करोड़ रुपए अपने उद्योगपति मित्र अनिल अंबानी की जेब में डाले हैं। यह सच्चाई है और पूरा देश इस सचाई को जानता है। एक दिन यह पूरी सचाई सामने आएगी।