माध्यमिक शिक्षा मंडल की हाई स्कूल बोर्ड परीक्षा एक मार्च से

माध्यमिक शिक्षा मंडल मध्यप्रदेश की हाईस्कूल दसवीं बोर्ड की नियमित तथा स्वाध्यायी विद्यार्थियों की परीक्षा एक मार्च से आरंभ होगी। परीक्षा रीवा जिले के निर्धारित परीक्षा केन्द्रों में प्रात: 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी। इस संबंध में प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी आरएन पटेल ने बताया कि प्रत्येक परीक्षार्थी को प्रात: 8.30 बजे तक परीक्षा कक्ष में उपस्थित होना अनिवार्य होगा। परीक्षा प्रारंभ होने के 10 मिनट पूर्व उत्तर पुस्तिका दी जायेगी। उन्होंने बताया कि कक्षा 10वीं की परीक्षा का प्रथम प्रश्न पत्र तृतीय भाषा सामान्य संस्कृत, उर्दू, मराठी, बंगाली का होगा। यह प्रश्नपत्र एक मार्च को होगा। मंगलवार 5 मार्च को गणित तथा शुक्रवार 8 मार्च को सामाजिक विज्ञान की परीक्षा होगी। मंगलवार 12 मार्च को विज्ञान तथा शनिवार 16 मार्च को द्वितीय एवं तृतीय भाषा सामान्य अंग्रेजी का प्रश्नपत्र होगा। मंगलवार 19 मार्च को विशिष्ट भाषा हिन्दी, अंग्रेजी, संस्कृत तथा उर्दू के प्रश्नपत्र होंगे। शनिवार 23 मार्च को नेशनल स्किल क्वालीफिकेशन फ्रेमवर्क की परीक्षा होगी। बुधवार 27 मार्च को द्वितीय भाषा हिन्दी सामान्य की परीक्षा के साथ इसका समापन होगा। 
    जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि वार्षिक परीक्षा का कार्यक्रम माध्यमिक शिक्षा मंडल की वेबसाइट पर भी जारी कर दिया गया है। माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नियमित विद्यार्थियों की प्रायोगिक परीक्षायें 12 फरवरी से 26 फरवरी के मध्य संचालित हो रही हैं। स्वाध्यायी परीक्षार्थियों की प्रायोगिक परीक्षायें उन्हें आवंटित परीक्षा केन्द्र में 7 मार्च से 31 मार्च के मध्य होंगी। इनका निर्धारण परीक्षा केन्द्राध्यक्ष द्वारा किया जायेगा। आवश्यक होने पर अवकाश के दिनों में भी प्रायोगिक परीक्षायें आयोजित की जायेंगी। प्रतिदिन थाना एवं परीक्षा केन्द्र में केन्द्राध्यक्ष कलेक्टर द्वारा नियुक्त प्रतिनिधि की उपस्थिति में प्रश्नपत्र के लिफाफे खोलेंगे। 

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म