
दुनियाभर के ज्यादा तर देशों में कोरोना वायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए लॉकडाउन किया गया है। इसके कारण कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट देखी जा रही है, लेकिन इस बीच पेट्रोल और डीजल की दरें 50वें दिन भी स्थिर बनी हुई है। हालांकि, तेल विपणन कंपनियों ने दिल्ली में जेट ईंधन (एटीएफ) की कीमत में 23.2 फीसदी के हिसाब से 6,812.62 प्रति किलोलीटर की कटौती की है। दिल्ली में यह अब 22,544.75 प्रति किलोलीटर है।
बता दें कि एटीएफ (एविएशन टरबाइन फ्यूल) का इस्तेमाल हवाई जहाज में ईंधन के रूप में किया जाता है। इसकी कीमत अब कारों और दोपहिया वाहनों में इस्तेमाल होने वाले पेट्रोल की कीमत का एक तिहाई से भी कम है। फरवरी के बाद से एटीएफ की कीमतों में यह अब तक की सबसे तेज और छठी कटौती है। फरवरी के बाद से, जेट ईंधन की कीमतों में लगभग दो-तिहाई की कटौती की गई है। गिरावट से पहले फरवरी में दिल्ली में एटीएफ की कीमत 64,323.76 प्रति किलोलीटर थी और अब इसकी कीमत 22,544.75 प्रति किलोलीटर है। इसी तरह की कमी अन्य मेट्रो शहरों में भी देखी जा रही हैं।
दिल्ली में, एक लीटर पेट्रोल की कीमत 69.59 प्रति लीटर और डीजल की कीमत 62.29 प्रति लीटर है। वहीं, मुंबई में पेट्रोल 76.31 प्रति लीटर और डीजल 66.21 प्रति लीटर पर बिक रहा है। चेन्नई में एक लीटर पेट्रोल की कीमत 72.28 प्रति लीटर है जबकि डीजल की कीमत अब 65.71 प्रति लीटर है।
Tags
देश