नीतीश कुमार ने 14 मंत्रियों के साथ ली शपथ, तेजस्वी यादव ने मनोनीत बता कसा तंज


बिहार में विधानसभा चुनाव 2020 में जीत के बाद आज एनडीए की नई सरकार का गठन हो गया है। नीतीश कुमार ने सातवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है। राज्यपाल फागू चौहान ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। उनके बाद बीजेपी के तारकिशोर प्रसाद और रेणु देवी ने शपथ ली। कुल 14 मंत्रियों ने शपथ ली है। 5 मंत्री जेडीयू कोटे से बने हैं तो सात मंत्री बीजेपी के हैं। 1-1 पद हम और वीआईपी को मिला है। शपथ ग्रहण समारोह में नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली केंद्रीय मंत्रिमंंडल के गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी राजभवन पहुंचे। तेजस्वी यादव ने नीतीश को बधाई देने के साथ तंज कसते हुए उन्हें मनोनीत मुख्यमंत्री बताया।

तेजस्वी ने तंज के साथ नीतीश कुमार को दी बधाई

नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद तेजस्वी यादव ने ट्वीट कर उन्हें बधाई दी, हालांकि उनकी यह बधाई तंज के साथ थी। तेजस्वी ने लिखा- आदरणीय श्री नीतीश कुमार जी को मुख्यमंत्री ‘मनोनीत’ होने पर शुभकामनाएँ। आशा करता हूँ कि कुर्सी की महत्वाकांक्षा की बजाय वो बिहार की जनाकांक्षा एवं NDA के 19 लाख नौकरी-रोजगार और पढ़ाई, दवाई, कमाई, सिंचाई, सुनवाई जैसे सकारात्मक मुद्दों को सरकार की प्राथमिकता बनायेंगे।

रेणु देवी ने ली शपथ, बन सकती हैं डेप्युटी सीएम

बीजेपी की बेतिया से विधायक रेणु देवी ने मंत्री पद की शपथ ली। उन्हें भी डेप्युटी सीएम बनाए जाने की चर्चा है। वह 2005 से 2009 तक नीतीश सरकार में मंत्री renu deviरही हैं। अभी बीजेपी विधायक दल की उपनेता बनाई गई हैं।

नीतीश के बाद तारकिशोर प्रसाद ने ली शपथ

नीतीश के बाद तारकिशोर प्रसाद ने मंत्री पद की शपथ ली। चौथी बार कटिहार से जीते तारकिशोर डेप्युटी सीएम बनाए जा सकते हैं। उन्होंने मिथिला का पाग पहनकर शपथ ली।

राम सूरत राय ने ली शपथ

राम सूरत राय नीतीश सरकार में मंत्री बने। इस बार मुजफ्फरपुर के औराई सीट से जीते हैं। सीपीआईएमएल उम्मीदवार आफताब आलम को दी थी मात। 2015 में हार गए थे चुनाव।

जाले से जीते जीवेश मिश्रा बने मंत्री

दरभंगा के जाले सीट से जीते जीवेश मिश्रा ने मंत्री पद की शपथ ली। कांग्रेस के मशकूर अहमद को मात दी। 2015 में भी इस सीट से जीते थे। पाग पहने जीवेश मिश्रा ने भी मैथिली में शपथ ली।

राजनगर रामप्रीत पासवान ने मैथिली में शपथ ली

रामप्रीत पासवान भी नीतीश सरकार में मंत्री बने। राजनगर सीट से चुनाव जीते हैं। आरजेडी के रामावतार पासवान को दी मात। रामप्रीत पासवान ने मैथिली में शपथ ली।

बीजेपी के अमरेंद्र प्रताप सिंह भी बने मंत्री

बीजेपी विधायक अमरेंद्र प्रताप सिंह ने मंत्री पद की शपथ ली। आरा से बीजेपी के विधायक चुने गए हैं। वह पांचवी बार इस सीट से जीते हैं। 2012 से 2015 डेप्युटी स्पीकर रहे हैं।

मंगल पाडेय बने मंत्री

बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय ने मंत्री पद की शपथ ली। बीजेपी विधायकों में तीसरे नंबर पर ली शपथ। पिछली सरकार में स्वास्थ्य मंत्री थे।

मुकेश साहनी बने मंत्री

बॉलीवुड के सेट डिजाइनर से नेता बने मुकेश साहनी भी बिहार सरकार में मंत्री बने। विकासशील इंसान पार्टी के प्रमुख साहनी सिमरी बख्तियारपुर से चुनाव लड़े थे इस बार, लेकिन हार गए। पार्टी ने 11 में से 4 सीटों पर जीत दर्ज की। निषाद समुदाय के बड़े नेता हैं।

जीतन राम मांझी के बेटे संतोष सुमन बने मंत्री

जीतन राम मांझी के पेटे संतोष सुमन ने मंत्री पद की शपथ ली। हम की संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष हैं। 2018 से बिहार विधान परिषद के सदस्य हैं। 2015 से कुटंबा से चुनाव हार गए थे।

शीला मंडल बनीं मंत्री, जेडीयू के 5 मंत्रियों ने ली शपथ

फुलपरास से विधायक शीला मंडल को मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। कांग्रेस के कृपानाथ पाठक को दी है मात।

मेवालाल चौधरी भी कैबिनेट में शामिल

मेवालाल चौधरी ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। तारापुर विधानसभा से जेडीयू के टिकट पर जीते हैं। बिहार में एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी के वीसी रह चुके हैं।

अशोक चौधरी ने ली शपथ

जेडीयू के कार्यकारी अध्यक्ष अशोर चौधरी ने मंत्री पद की शपथ ली। 2018 में कांग्रेस छोड़कर जेडीयू में हुए थे शामिल।

विजेंद्र यादव फिर बने मंत्री

पिछली सरकार में मंत्री रहे विजेंद्र यादव ने एक बार फिर शपथ ली। सुपैल से विधायक हैं। अब तक 8 बार विधायक रहे हैं। 1990 से लगातार जीतते रहे हैं। जेपी आंदोलन से उन्होंने राजनीति की शुरुआत की थी। लालू यादव के साथ भी काम कर चुके हैं और उनकी कैबिनेट में भी मंत्री रह चुके हैं। पिछली सरकार में उर्जा मंत्री थे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म