कोलारस - कोलारस में क्षेत्र के नागरिकों की आवास और भूमि संबंधी समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए आज एसडीएम को एक ज्ञापन सौंपा गया। यह ज्ञापन कोलारस के पार्षदों ब्रजकिशोर शिवहरे, राम सड़ैया, भानु जाट, राजू भार्गव, सुरेश राठौर, होतम जाटव और संदीप चंदेल द्वारा संयुक्त रूप से सौंपा गया, जिसमें प्रधानमंत्री आवास योजना के सर्वे को त्वरित गति से पूरा करने और भूमिहीन लोगों को जल्द से जल्द पट्टे स्वीकृत करने की पुरजोर मांग की गई।
ज्ञापन सौंपने के दौरान सभी पार्षदों ने प्रशासन के समक्ष स्पष्ट शब्दों में कहा कि कोलारस की जनता हमारे लिए केवल आम नागरिक नहीं, बल्कि हमारा परिवार है। परिवार के सदस्यों को बुनियादी जरूरतों—विशेषकर सिर पर छत और जमीन—के लिए भटकना पड़े, यह स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस गंभीर समस्या का समाधान जल्द नहीं किया गया, तो जनप्रतिनिधियों और आम जनता को मिलकर कड़ा कदम उठाना पड़ेगा।
पार्षदों ने प्रशासन के समक्ष दो प्रमुख मांगें रखीं, जिनमें क्षेत्र में छूटे हुए गरीब और पात्र परिवारों का प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सर्वे जल्द से जल्द पूरा करना और जिन गरीब परिवारों के पास रहने के लिए अपनी जमीन नहीं है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर भूमि के पट्टे जल्द स्वीकृत करना शामिल है, ताकि वे अपने मकान का निर्माण करवा सकें। पार्षदों ने प्रशासन से उम्मीद जताई है कि जनहित से जुड़े इस महत्वपूर्ण मामले में संवेदनशीलता दिखाते हुए त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
Tags
Kolaras