| - |
निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार जिले भर में मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अगस्त तथा सितम्बर माह में मतदाता जागरूकता के कई कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। इस संबंध में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती प्रीति मैथिल नायक ने बताया कि सितंबर माह में सभी मतदान केन्द्रों में मतदाता जागरूकता के कार्यक्रम होंगे। उन्होंने बताया कि सभी स्कूलों तथा आंगनवाड़ी केन्द्रों में 11 सितंबर को मतदाता जागरूकता रैली निकाली जायेगी। जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास तथा जिला शिक्षाधिकारी इसके लिये आवश्यक प्रबंध करेंगे। जिले के कालेजों में 14 सितम्बर को मतदाता जागरूकता से संबंधित वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित की जायेंगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 15 सितंबर को जिला मुख्यालय में मतदाता जागरूकता रैली निकालकर तथा मानव श्रंखला बनाकर मतदाता जागरूकता का संदेश दिया जायेगा। इसकी जिम्मेदारी नगर निगम आयुक्त को सौंपी गई है। सभी मतदान केन्द्रों में 15 सितम्बर से 30 सितम्बर तक मतदाता जागरूकता संबंधी नारों का दीवार लेखन किया जायेगा। मतदान केन्द्रों में 15 सितम्बर को शिविर आयोजित किये जायेंगे। सभी एसडीएम तथा तहसीलदार इसके लिये आवश्यक प्रबंध करेंगे। सभी शासकीय कार्यालयों में 15 से 30 सितम्बर तक अभियान चलाकर विधानसभा निर्वाचन के संबंध में जानकारी दी जायेगी। सितंबर माह में सभी बैंकों, पेट्रोल पंपों, उचित मूल्य दुकानों तथा सार्वजनिक महत्व के अन्य स्थानों पर भी मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे।
|
Tags
भोपाल
