सिगरेट देने में की देरी, बुजुर्ग को पीट-पीटकर मार डाला

पुलिस मामले की छानबीन कर रही है ( सांकेतिक तस्वीर)
बिहार के समस्तीपुर में कुछ दबंगों ने एक बुजुर्ग दुकानदार की पीट-पीटकर हत्या कर दी. उसका कुसूर सिर्फ इतना था कि उसने दबंगों को सिगरेट देने में थोड़ी देर कर दी थी. आरोपियों ने बुजुर्ग के बेटे को भी मार-मार कर जख्मी कर दिया. पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. सभी आरोपी वारदाते के बाद से ही फरार चल रहे हैं.
घटना समस्तीपुर के वारिसनगर थाना क्षेत्र की है. जहां कसोर गांव में 60 वर्षीय बुजुर्ग दुकानदार शिवनारायण चाय सिगरेट की दुकान चलाता था. गुरुवार को गांव के तीन दबंग उसकी दुकान पर जा पहुंचे और सिगरेट मांगी. लेकिन किसी दूसरे ग्राहक को चाय देने की वजह से सिगरेट देने में मामूली सी देरी हो गई. इस पर दबंगों ने बुजुर्ग पर हमला कर दिया.
वे तीनों बुजुर्ग शिवनारायण को पीटने लगे. इस दौरान जब शिवनारायण का बेटा नूनी भगत अपने पिता को बचाने के लिए आया तो आरोपियों ने उसे भी नहीं बख्शा और उसकी भी जमकर पिटाई कर दी. वारदात को अंजाम देकर तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए. घटना के बाद गांव में तनाव के हालात पैदा हो गए. घायल नूनी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने मृतक के पुत्र की शिकायत पर गांव के तीनों दबंगों को नामजद कर दिया है. अब पुलिस उनकी तलाश कर रही है. आरोपी अपने घरों से फरार हैं. गांव में तनाव के हालात देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म