शहीदों के समर्थन में सड़क पर लोग, लगे नारे, पाकिस्तान को मिले सबक, आतंकियो का हो खात्मा

अमर जवान ज्योति पर श्रद्धांजलि देने वालों की होड़ लगी है. बाहरी दिल्ली में सैकड़ों स्कूली बच्चे और लोग सड़क पर उतरे, पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी की और आतंक को पनाह देने वाले मुल्क को कठोर से कठोरतम सबक सिखाने की गुहार लगाई. इसके अलावा पश्चिमी दिल्ली के मोहन गार्डन में भी स्थानीय युवाओं ने कैंडल मार्च निकाला और हमले के खिलाफ अपने आक्रोश को व्यक्त किया. इस कैंडल मार्च का नेतृत्व कर रहे युवा संयम जैन ने आज तक से कहा कि पुलवामा हमले के मद्देनजर पाकिस्तान को मुहंतोड़ जवाब दिया जाए, आतंक को पनाह देने वाले देश और उनके आकाओं पर कठोर कार्रवाई हो.
वहीं, बिहार के मोतिहारी में पुलवामा आतंकी हमले के खिलाफ जबरदस्त प्रदर्शन हुआ. छात्रों ने बाइक रैली निकाल कर गुस्से का प्रदर्शन किया. इसके अलावा बिहार के ही खगड़िया में भी पाकिस्तान के खिलाफ लोगों ने गुस्से का इजहार किया. हाथों में तिरंगा और जुबां पर पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाजी साफ तौर पर इनके अंदर के आक्रोश को जाहिर कर रही थी.
(तस्वीर- दिल्ली के मोहन गार्डन में कैंडल मार्च)
इमरान खान का पुतला फूंका
राजस्थान के प्रतापगढ़ में लोगों ने पाकिस्तान के पीएम इमरान खान पुतला फूंक दिया. यहां लोगों ने पाकिस्तान के कथनी और करनी के भेद पर जमकर गुस्सा निकला. वहीं, मध्य प्रदेश के बैतूल में तलवार डंडे और कुल्हाड़ी के साथ लोग सड़क पर उतरे और सैकड़ों युवकों ने आतंक और पत्थरबाजों से निपटने के लिए कश्मीर जाने का इरादा जताया.
बॉलीवुड की पाक कलाकारों को ना
गुजरात के वडोदरा में एक जोड़े ने पुलवामा हमले में शहीद हुए CRPF के जवानों को श्रद्धांजलि देने के लिए शादी से पहले मार्च निकाला. बॉलीवुड से भी पाकिस्तान के खिलाफ आवाज उठी, फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने कहा कि इस बात को समझना बहुत जरूरी है कि फिल्म इंडस्ट्री के लाखों लोग कंधे से कंधा मिलाकर सुरक्षा बलों और सरकार के साथ खड़े हैं. आईएफटीडीए ने फैसला लिया है कि अब पाकिस्तानी कलाकारों के साथ काम नहीं करेंगे.
इसके अवाला पुलवामा आतंकी हमले के विरोध में महानायक अमिताभ बच्चन की अगली फिल्म और क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग, वीवीएस लक्ष्मण, हरभजन सिंह और सुरेश रैना के एक विज्ञापन की शूटिंग रविवार को यहां करीब दो घंटे रोक दी गई. 24 फिल्म संगठनों ने गोरेगांव स्थित फिल्मसिटी में विरोध प्रदर्शन किया.
पुलवामा आतंकी हमले के विरोध में क्रिकेट क्लब आफ इंडिया (सीसीआई) ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान का पोस्टर ढक दिया. बोर्ड की बैठक में इस तस्वीर को हटाने का निर्णय लिया जाएगा.

अलगाववादियों से छीनी सुरक्षा, लोगों ने किया रक्त दान
जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने बड़ा फैसला लेते हुए 5 अलगाववादी नेताओं से सुरक्षा छीन ली. वहीं, लाहौर में सार्क देशों के डॉक्टर्स की कॉन्फ्रेंस में जा रहे भारतीय डॉक्टर्स ने पुलवामा हमले के मद्देनजर अपना दौरा रद्द कर दिया. पुलवामा हमले में शहीद हुए सीआरपीएफ जवानों के सम्मान में कर्नाटक में शिमोगा में 200 से ज्यादा लोगों ने रक्तदान किया.
कश्मीर में सीआरपीएफ के एक काफिले पर बृहस्पतिवार को हुए आतंकी हमले में 40 जवानों के शहीद हो जाने के मद्देनजर तीसरे दिन भी प्रदर्शन जारी रहने के कारण पुलिस ने दिल्ली में सुरक्षा बढ़ा दी.

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म