पाकिस्तान के बालाकोट में भारत की ओर से की गई जवाबी कार्रवाई को एक महीने हो गया है, लेकिन पाकिस्तान इस सदमे से अब तक उबर नहीं पाया है. पाकिस्तान को अब भी खौफ सता रहा है कि भारत फिर से बालाकोट जैसा ऐक्शन कर सकता है. इंडियन एयर फोर्स के ऐसे किसी हमले से बचने के लिए पाकिस्तान ने अपने कई शहरों और सैन्य ठिकानों पर चीन में बने एयर डिफेंस सिस्टम को तैनात कर दिया है.
बता दें कि कि 26 फरवरी की रात को जब भारत के मिराज लड़ाकू विमानों ने पाकिस्तान स्थित बालाकोट में आतंकी संगठन जैश के ठिकानों पर बम बरसाए तो पाकिस्तान जान भी नहीं सका. जब तक भारत के मिराज पाकिस्तानी रडार की पकड़ में आते तब तक अपना काम कर चुके थे. इस हमले के बाद एक महीना हो गया है, लेकिन पाकिस्तान लगातार खौफ में है और उसे हर घड़ी भारत की ओर से ऐक्शन का डर सताता रहता है.
खुफिया रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान ने चीन में बने LY-80 को सैन्य ठिकानों पर तैनात किया है. LY-80 मध्यम दूरी का जमीन से हवा में मार करने वाली मिसाइल है. LY-80 मिसाइल को जरूरत के मुताबिक एक स्थान से दूसरे स्थान तक आसानी से शिफ्ट किया जा सकता है. रिपोर्ट के मुताबिक ये मिसाइल किसी गतिमान लक्ष्य को 40 किलोमीटर की दूरी तक हिट कर सकती है. LY-80 चीन द्वारा विकसित किया गया मोबाइल एयर डिफेंस सिस्टम है, जो लो एंड मीडियम रेंज में उड़ रहे कई तरह के टारगेट को मारने में सक्षम है. इस एयर डिफेंस सिस्टम में IBIS-150 रडार लगा हुआ है. ये थ्री डी सर्च रडार है. ये रडार हवा में आ रहे विमानों, मिसाइलों को डिटेक्ट करने में सक्षम है. इस सिस्टम में मिसाइल लॉन्चर भी लगे हुए हैं.