एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रेटिक रिफॉर्म (एडीआर) की एक रिपोर्ट के अनुसार विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया की संपत्ति 2009 से 2014 के दौरान 122 फीसदी बढ़ गई. मध्य प्रदेश के विदिशा से सांसद सुषमा स्वराज की संपत्ति 2009 में करीब सात करो़ड़ रुपये थी जो कि 2014 में बढ़कर 17 करोड़ रुपये हो गई. वहीं दूसरी ओर गुना से सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया की संपत्ति 2009 में 15 करोड़ रुपये से बढ़कर 2014 में 33.08 करोड़ रुपये हो गई.
रिपोर्ट के अनुसार कई सांसदों की संपत्तियां इस दौरान सौ से चार सौ फीसदी तक बढ़ गई हैं. इस दौरान लोकसभा सांसद और स्पीकर सुमित्रा महाजन की संपत्ति में ज्यादा इजाफा नहीं हुआ है. उनकी संपत्ति 2009 में 1.07 करोड़ रुपये थी जिसमें 2014 तक 135 फीसदी की ग्रोथ हुई. वह सबसे कम आय वाली सांसद भी हैं. उनकी सालाना आय 6 लाख रुपये है.
आईटीआर के अनुसार सुषमा स्वराज की सालाना आय 2.69 करोड़ रुपये है जबकि सिंधिया ने अपनी सालाना आय 40 करोड़ रुपये घोषित की है. सतना से चार बार के बीजेपी सांसद गणेश सिंह की संपत्ति में चार सौ फीसदी यानी चार गुना की बढ़ोतरी हुई है. 2009 में उनकी संपत्ति 73 लाख रपये थी जो 2014 में बढ़कर 3.78 करोड़ हो गई है.
इसके अलावा बीजेपी के होशंगाबाद से सांसद उदय प्रताप सिंह की संपत्ति में 234 फीसदी का इजाफा हुआ है. बैतूल से सांसद ज्योति ध्रुव की संपत्ति में 268 फीसदी का इजाफा हुआ है. ग्वालियर से सांसद और केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर की संपत्ति 2009 में 34.53 लाख रुपये थी जो 2014 में बढ़कर 1.14 करोड़ हो गई.