आगरा। शादी का कार्यक्रम चल रहा था। बारात दरवाजे पर पहुंच चुकी थी। दूल्हा वरमाला डालने के लिये स्टेज पर पहुंच गया, इसी बीच दुल्हन ने दूल्हे पर चप्पलों की बौछार कर दी।
स्टेज पर इस नजारे को देख सभी के होश उड़ गए। समझ ही नहीं आ रहा था कि आखिर क्या हुआ। फिर जब पता चला कि दूल्हा पहले से शादीशुदा है और दूसरी शादी करने आया है, तो दुल्हन के परिजनों ने बारात को बंधक बना लिया।
यहां का है मामला
फिरोजाबाद के लाइन पार के रहने वाले युवक को पिता की जगह रेलवे में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के रूप में नौकरी मिल गई। नौकरी लगने के बाद परिवारीजनों ने उसका रिश्ता फतेहाबाद में तय कर दिया। विगत दिवस दुल्हा बारात लेकर शादी करने फतेहाबाद पहुंचा, लेकिन वहां जमकर हंगामा हो गया। दुल्हन को जब यह पता चला, कि वह पहले से ही शादीशुदा है, तो उसने स्टेज पर ही दूल्हे की पिटाई लगा दी।
ऐसे हुआ खुलासा
दुल्हन के सामने ये सच्चाई वरमाला पड़ने से पहले आई। दरअसल उसकी पहली पत्नी को जब मालूम पड़ा कि वह दूसरी शादी कर रहा है, तो वह पुलिस के साथ शादी समारोह में पहुंच गई। पुलिस ने बताया कि पहली पत्नी भी रेलवे में आरोपी युवक के साथ नौकरी करती है। उसके पति की मृत्यु हो चुकी है। उसे अपने पति की जगह रेलवे में नौकरी मिल गई। नौकरी के दौरान दोनों की नजदीकियां इतनी हो गईं, कि दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली। इस बीच युवक के परिजनों ने उसका रिश्ता दूसरी जगह तय कर दिया। इसके बाद बारात वापस लौट गई। पुलिस इस मामले में कार्रवाई कर रही है।