कश्मीर पर राहुल के ट्वीट पर शिवराज ने पूछा- यू-टर्न लेने की नौबत ही क्यों आई?

केंद्र की मोदी सरकार को हर मसले पर घेरने वाले कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कश्मीर मसले पर सरकार का समर्थन किया है. उन्होंने ट्वीट के जरिए कहा है कि कश्मीर भारत का आंतरिक मसला है और पाकिस्तान या फिर किसी अन्य देश को इस मामले में हस्तक्षेप करने नहीं दिया जाएगा. राहुल गांधी के इस बयान पर मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जुबानी हमला बोला है.
भोपाल में पत्रकारों से बात करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने राहुल गांधी से सवाल पूछा है कि अब यू-टर्न क्यों लिया? शिवराज ने कहा, "राहुल जी के इस तरह के कदम देश विरोध जैसे हैं. यह पाकिस्तान को मौका देता है कि वह उन्हें कोट करके अपनी बात दुनिया के सामने रखे. राहुल जी ये खेल बंद करिए. यू-टर्न लेने की नौबत ही क्यों आई?"
शिवराज ने आगे कहा कि राहुल गांधी वही बोलते रहे हैं जो पाकिस्तान बोलता था. कश्मीर में अनुच्छेद 370 हटाने पर देश खुश है, लेकिन राहुल गांधी खुश नहीं हैं. राहुल गांधी क्यों श्रीनगर गए थे? बता दें यह पहला मौका नहीं है जब शिवराज सिंह चौहान ने राहुल गांधी पर हमला किया हो. इससे पहले गोवा में एक कार्यक्रम के दौरान भी शिवराज सिंह चौहान ने अनुच्छेद 370 पर राहुल गांधी और सोनिया गांधी को घेरा था.
उन्‍होंने कहा था, "मुझे नहीं लगता कि अनुच्छेद 370 के मुद्दे पर राहुल गांधी कुछ बोलेंगे क्‍योंकि वह तो रणछोड़दास गांधी बन चुके हैं. कांग्रेस अभी भी भ्रम में है. उनके नेता इस मुद्दे पर अलग-अलग बयान दे रहे हैं. मैं नहीं समझ पा रहा हूं कि कांग्रेस कोई पार्टी है! कुछ नेता आर्टिकल 370 हटाने का समर्थन कर रहे हैं तो कुछ पाकिस्तान की भाषा बोल रहे हैं."

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म