
केंद्रीय पशुपालन राज्य मंत्री प्रताप सारंगी ने शनिवार को बड़ा बयान देते हुए कहा कि पूरे देश में आवारा गायों की रक्षा के लिए एक समान नीति लागू की जा सकती है. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार आवारा गाय की रक्षा के लिए पूरे देश के लिए एक समान नीति लागू करने की योजना बना रही है.
बता दें कि भोपाल में शनिवार को आयोजित इंडियन वेटरनरी कॉन्फ्रेंस में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे प्रताप सारंगी ने कहा कि देशभर में आवारा गायों की समस्या दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है जिसको काबू में करने के लिए राज्य सरकारें कोशिशें तो कर रही हैं, लेकिन उसका संतोषजनक फल नहीं मिल रहा है.
सारंगी ने बीजेपी पर गाय के नाम पर राजनीति करने के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि गाय को हिंदू और मुसलमान में नहीं बांटा जा सकता, वो तो गोमाता होती है. वहीं, आवारा गायों पर केंद्र और राज्य सरकार की एकसमान नीति बन जाती है तो गाय भारत की आर्थिक विकास में सहायक हो सकती हैं.
सारंगी ने की कमलनाथ सरकार की तारीफ
अपने संबोधन के दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री प्रताप सारंगी ने मध्यप्रदेश की कमलनाथ सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि प्रदेश में आवारा गायों को आश्रय देने की ओर एक बड़ा कदम उठाते हुए कमलनाथ सरकार ने एक हजार गौशाला खोलने की योजना बनाई है जो काबिले तारीफ है.
सारंगी बोले- अयोध्या में बने राम मंदिर
वहीं राम मंदिर पर चल रही सुप्रीम कोर्ट की सुनवाई से जुड़े सवाल का जवाब देते हुए प्रताप सारंगी ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर का ही निर्माण होना चाहिए.