
भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के लिए सोमवार का दिन मुसीबत लेकर आया है. शमी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी हुआ है. पश्चिम बंगाल की अलीपुर की अदालत ने मोहम्मद शमी की पत्नी हसीन जहां द्वारा दायर किए गए घरेलू हिंसा के मामले में गिरफ्तारी वारंट जारी किया है. मोहम्मद शमी और उनके भाई हासिद अहमद को अदालत ने 15 दिन के भीतर सरेंडर करने को कहा है.
दरअसल, शमी के खिलाफ घरेलू हिंसा का मामला दर्ज है. 2018 में मोहम्मद शमी पर उनकी पत्नी हसीन जहां ने मारपीट, रेप, हत्या की कोशिश और घरेलू हिंसा जैसे कई गंभीर आरोप लगाए थे. हसीन जहां ने शमी के खिलाफ केस भी दर्ज करवाया हुआ है. शमी के तलाक का केस भी कोर्ट में चल रहा है.
शमी के खिलाफ कोलकाता कोर्ट में केस चल रहा है. कोर्ट ने शमी को 15 दिन के अंदर सरेंडर करने को कहा है. कोलकाता कोर्ट ने पुलिस को आदेश दिया है कि अगर 15 दिनों के अंदर मोहम्मद शमी कोर्ट में पेश नहीं होते हैं तो उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाए. फिलहाल शमी भारतीय क्रिकेट टीम के साथ वेस्टइंडीज दौरे पर हैं, जहां वह जमैका में दूसरा टेस्ट मैच खेल रहे हैं.
West Bengal: Alipore court issues arrest warrant against Indian cricketer Mohammad Shami and his brother Hasid Ahmed in connection with domestic violence case filed by his wife Hasin Jahan. The court has asked him to surrender within 15 days pic.twitter.com/0LKn8ivCOl— ANI (@ANI) September 2, 2019
पिछले साल कोलकाता पुलिस ने हसीन जहां की शिकायत के बाद शमी पर आईपीसी की सात धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था. हसीन जहां ने शमी और उनके भाई के खिलाफ केस दर्ज करवाया था. शमी के खिलाफ आईपीसी की धारा 498 ए (दहेज उत्पीड़न) और धारा 354 (यौन उत्पीड़न) के तहत मामला दर्ज है, जबकि उनके भाई हासिद अहमद पर धारा 354 (यौन उत्पीड़न) के तहत मामला दर्ज है.
हसीन जहां ने अपने पति और क्रिकेटर मोहम्मद शमी पर शारीरिक शोषण करने और उन्हें धोखा देने का आरोप लगाया था. उसके बाद हसीन जहां ने शमी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी. हसीन जहां के इन गंभीर आरोपों के बाद BCCI ने उनका सालाना करार रद्द कर दिया था. हालांकि, बाद में बोर्ड ने उन्हें क्लीन चिट देते हुए बी-ग्रेड में रखा. इसके बाद शमी ने आईपीएल में धमाल मचाया और फिर आईसीसी वर्ल्ड कप में हैट्रिक लेकर पूरी दुनिया में अपनी गेंदबाजी का लोह मनवाया.
क्या था पूरा मामला?
पिछले साल 2018 में मोहम्मद शमी की पत्नी हसीन जहां ने अपने पति पर ऐसे गंभीर आरोप लगाए जिसने सभी को हैरान कर दिया. मोहम्मद शमी की पत्नी हसीन जहां ने अपने फेसबुक पेज पर शमी पर बेवफाई के आरोप लगाते हुए पोस्ट लगाई थी. हसीन ने वाट्सऐप के स्क्रीन शॉट्स शेयर किए गए थे.
उनका दावा था कि ये स्क्रीन शॉट शमी की दूसरी लड़कियों से हुई चैट के थे. हसीन के मुताबिक शमी दूसरी लड़कियों से अंतरंग चैट करते थे, विरोध करने पर उनके साथ मारपीट करते थे. कई साल से वो ये प्रताड़ना सहती आ रही थीं. इसके बाद बीसीसीआई ने भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी का सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट रोक दिया.
बीसीसीआई ने कहा था कि बोर्ड ने उनकी पत्नी हसीन जहां द्वारा लगाए गए आरोपों को ध्यान में रखकर उनका नाम रोक दिया. इतना ही नहीं शमी के आईपीएल खेलने पर भी रुकावट आई. बाद में बीसीसीआई की जांच के बाद शमी को क्लीन चिट मिल गई और वह वापस क्रिकेट खेलने लगे. बता दें कि शमी ने 6 जून 2014 को कोलकाता की मॉडल हसीन जहां से शादी की थी. शमी 17 जुलाई 2015 को बेटी के पिता बने.