समर्थकों ने की PCC चीफ बनाने की डिमांड, सिंधिया बोले- हाईकमान सर्वमान्य

ज्योतिरादित्य सिंधिया
मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को लेकर घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा है. पूर्व केंद्रीय मंत्री और मध्य प्रदेश कांग्रेस के कद्दावर नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया के राजनीतिक भविष्य को लेकर उनके समर्थकों की नाराजगी बढ़ती जा रही है. समर्थकों ने लगातार बयान देने के बाद अब अखबार में विज्ञापन देकर सिंधिया को प्रदेश कांग्रेस संगठन की कमान सौंपने की मांग की है. वहीं, सिंधिया ने कहा कि कांग्रेस हाईकमान का फैसला सर्वमान्य होगा.
भोपाल की स्थानीय पार्षद शमीम नासिर और अब्दुल नासिर ने अखबार में विज्ञापन देकर ज्योतिरादित्य सिंधिया को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बनाने की मांग की है. अखबार में छपे विज्ञापन में लिखा गया है 'जोतिरादित्य सिंधिया को मध्यप्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष पद पर मनोनित करने हेतु विशेष आह्वान.'
इसके साथ ही पोस्टर में सिंधिया के लिए लिखा गया है, 'मेरा नेता, मेरा स्वाभिमान'. कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की मांग पर ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि हाईकमान जो फैसला करेगा वह सर्वमान्य होगा.
इससे पहले सिंधिया के प्रभाव वाले जिले दतिया के कार्यकारी अध्यक्ष अशोक दांगी बगदा ने तो सिंधिया के समर्थन में इस्तीफा देने की धमकी दे डाली थी. उन्होंने कांग्रेस आलाकमान को चेतावनी दी है कि यदि अगले 10 दिन में सिंधिया को अध्यक्ष नहीं बनाया गया तो 500 समर्थक इस्तीफा दे देंगे. इसके अलावा जबलपुर सहित ग्वालियर इलाके में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सड़क पर उतरकर सिंधिया को प्रदेश अध्यक्ष बनाने के लिए प्रदर्शन किया था.
दरअसल ज्योतिरादित्य सिंधिया की कांग्रेस में भूमिका क्या होगी? यह सवाल सिंधिया समर्थकों को परेशान कर रहा है. लोकसभा चुनाव से पहले जब प्रदेश अध्यक्ष का माहौल बना, तब उन्हें मध्य प्रदेश से हटाकर आधे उत्तर प्रदेश का प्रभारी बना दिया गया था. हाल ही में उन्हें महाराष्ट्र विधानसभा के लिए बनी कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है.
यह बात भी सिंधिया समर्थकों को रास नहीं आ रही है. सिंधिया समर्थक मंत्री इमरती देवी ने तो खुलकर बयान दिया था. उन्होंने कहा था कि सिंधिया को एमपी में ही कोई जिम्मेदारी दी जानी थी, महाराष्ट्र में कौन पूछ रहा है.
हालांकि मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद को लेकर पिछले दिनों मुख्यमंत्री कमलनाथ ने दिल्ली में पार्टी हाईकमान सोनिया गांधी से मुलाकात की थी. इस मुलाकात के बाद कमलनाथ ने बताया था कि सोनिया गांधी से संगठन को लेकर चर्चा हुई, जो पूरी तरह से सफल रही. सोनिया गांधी के सामने नए प्रदेश अध्यक्ष बनाने की बात रखी है.

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म