
कांग्रेस नेता और पूर्व सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया के ट्विटर पर बायो बदलने के बाद से कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं. सिंधिया ने अपने ट्विटर हैंडल से कांग्रेस का जिक्र हटाकर खुद के लिए समाजसेवी और क्रिकेट प्रेमी लिखा है, जिसके बाद से ही इसके कई मायने निकाले जा रहे हैं.
हालांकि, टि्वटर पर बायो बदलने को लेकर ज्योतिरादित्य सिंधिया ने तमाम अटकलों को खारिज कर दिया. सिंधिया ने कहा कि मुझे नहीं पता कि बायो बदलने को इतना क्यों तूल दिया जा रहा है. उन्होंने कहा कि मैंने एक महीने पहले ही ट्विटर हैंडल पर अपना बायो बदल दिया था, क्योंकि मुझे लगातार प्रतिक्रिया मिल रही थी कि यह बायो बहुत लंबा है.
सिंधिया ने कहा कि मैंने बायो एक महीने पहले ही बदल दिया था, लेकिन ये अब कैसे क्रॉप किया गया ये मुझे नहीं पता.
सियासी इंट्रो हटाने पर अटकलें तेज
बता दें कि सिंधिया के अपने ट्विटर हैंडल से सियासी इंट्रो हटाने के बाद से ही ये अटकलें लगाई जा रही हैं कि कांग्रेस के साथ उनका सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है.
वहीं, हाल ही में इस ऐसे मौकों पर सिंधिया ने बयान दिया जिससे ये लग रहा था कि उनके और कांग्रेस पार्टी के बीच सबकुछ ठीक नहीं है. सिंधिया ने कर्जमाफी, बाढ़ राहत राशि के लिए सर्वे और बिजली कटौती के मामले में खुद की पार्टी वाली कमलनाथ सरकार को कटघरे में खड़ा किया था, जिसकी वजह से बीजेपी को कमलनाथ सरकार पर हमला करने के कई मौके मिले.
Tags
मध्यप्रदेश