श्योपुर. कराहल में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर पंजाब के मंत्री व अफसरों का दल मंगलवार को कराहल पहुंचा। कूनो रेस्ट हाउस में प्रशासन के साथ बैठक में कलेक्टर प्रतिभा पाल से पंजाब के राजस्व मंत्री गुरुप्रीत सिंह कांगड़ ने पूछा कि इन परिवारों के पास पट्टे व रजिस्ट्री हैं तो मकान कैसे तोड़ दिए। इस पर एसपी नागेन्द्र सिंह ने कहा कि यह ट्राइबल ब्लॉक है, जहां राजस्व, आदिवासी व फॉरेस्ट लैंड है। इसके अतिरिक्त कोई जमीन नहीं है।
पट्टे पूर्व तहसीलदार अमिता सिंह द्वारा गलत जारी किए गए थे, जिसकी जांच चल रही है। कलेक्टर ने कहा कि यह नोटिफाइड एरिया है और मामले में एडीएम जांच कर रहे हैं। इसके बाद फिर से राजस्व मंत्री कांगड़ा ने कहा कि यह कैसी कार्रवाई है, जिसमें एक क्षेत्र में कार्रवाई हुई और दूसरे में नहीं। 20-20 किमी का एरिया छोड़ा गया। क्या इस बीच जमीनों पर कब्जे नहीं थे। कलेक्टर ने जवाब दिया कि क्रमवार कार्रवाई की जा रही थी, लेकिन दल ने कार्रवाई को गलत बताते हुए अपनी रिपोर्ट देने की बात कही। दल में विधायक कुलदीप वैद, हरमिंदर सिंह गिल, पटियाला रेंज कमिश्नर दीपेंद्र सिंह शामिल थे।
Tags
मध्यप्रदेश