
भोपाल। मध्य प्रदेश से कांग्रेस के राज्यसभा प्रत्याशी दिग्विजय सिंह पार्टी से बगावत कर चुके विधायकों को मनाने में जुटे हुए हैं. गुरुवार को दिग्विजय सिंह ने बागी विधायक एदल सिंह कंसाना को एक भावुक पत्र लिखा है. पत्र में दिग्विजय सिंह ने सुमावली से विधायक कंसाना से एक बार कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से बात करनी की सलाह दी है. उन्होंने लिखा कि सोनिया गांधी मध्य प्रदेश में जारी सियासी घटनाक्रम से दुखी हैं. उन्होंने अपील की है कि कांसाना पार्टी अध्यक्ष से बात किए बिना कांग्रेस न छोड़ें।
कर्नाटक डीजीपी को भी दिग्विजय सिंह का पत्र
दिग्विजय सिंह ने कर्नाटक के डीजीपी को भी एक पत्र लिखा है. उन्होंने डीजीपी को बताया कि बेंगलुरु में पार्टी के विधायकों को बंधक बनाया गया है. पुलिस पर दबाव डालकर उन्हें मतदाताओं (विधायकों) से नहीं मिलने दिया जा रहा है. विधायकों के मोबाइल छीन लिये गये हैं. बीजेपी के लोग उनसे दबाव में वीडियो बनवा रहे हैं।
विजयवर्गीय ने दिग्विजय सिंह को बताया स्टंटबाज
बीजेपी के कद्दावर नेता कैलाश विजयवर्गीय ने दिग्विजय सिंह पर हमला बोलते हुए कहा कि दिग्विजय सिंह स्टंटबाज नेता हैं, पूरे फसाद की जड़ ही वही हैं. उन्हीं की वजह से आज मध्य प्रदेश में सियासी संकट खड़ा हुआ है. बीजेपी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने दावा किया है कि बेंगलुरु में मौजूद कांग्रेस के बागी विधायक हमारे संपर्क में हैं. उनका कांग्रेस से विश्वास उठ चुका है।