
नई दिल्ली। अभीतक तो लोग कोरोना महामारी के मारे ही परेशान थे। अब कई राज्यों में शुरू हो चुकी भीषण गर्मी ने नागरिकों के होश उड़ाने शुरू कर दिए हैं। उत्तर और मध्य भारत, दिल्ली, राजस्थान, मध्य प्रदेश, यूपी, महाराष्ट्र, तेलंगाना, छत्तीसगढ़ सहित देश के 9 राज्यों में आज से जबरदस्त लू शुरू होने जा रही है। ज्यादातर राज्यों में दिन का अधितकम तापमान 40 से 46 डिग्री के के आसपास रिकॉर्ड किया जा रहा है। दिल्ली में भी पारा लगातार बढ़ रहा है। वहां भीषण गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया है।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों में और ज्यादा गर्म हवाएं चलने का अनुमान है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि पश्चिमोत्तर भारत में लू चलने के कारण शहर में अगले तीन और चार दिन में भीषण गर्मी पडऩे का अनुमान है। ताजा पश्चिमी विक्षोभ और निचले स्तर पर पूर्वी हवाओं के चलने से 28 मई को तेज गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा, दिल्ली-एनसीआर में 29-30 मई को 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी चलने का अनुमान है।