भाजपा विधायक ने किया किसानों का समर्थन, कहा- उचित मांगें मानते हुए कानून में हो संशोधन
हरदोई जिले में अपने बेबाक बयानों के लिए चर्चित गोपामऊ से भाजपा विधायक श्याम प्रकाश ने कृषि बिल को लेकर किसानों का समर्थन किया है। खुद को किसान और किसान पुत्र बताते हुए विधायक ने कहा है कि किसानों की उचित मांगें मानते हुए कानून में आवश्यक संशोधन किए जाने चाहिए।अफसरों की कार्यप्रणाली से लेकर भ्रष्टाचार तक के मुद्दे पर खुलकर अपनी बात रखने वाले गोपामऊ से भाजपा विधायक श्याम प्रकाश सोमवार शाम फिर सुर्खियों में आ गए। इस बार उन्होंने कृषि कानूनों को लेकर चल रहे गतिरोध पर अपने फेसबुक अकाउंट पर टिप्पणी की है।
विधायक ने अपने फेसबुक अकाउंट पर लिखा है कि वह खुद भी किसान हैं और किसान के पुत्र भी हैं। किसानों के दर्द को समझते भी हैं और उसका एहसास भी है। विधायक ने कहा है कि किसानों की उचित मांगों को मानते हुए, कानून में आवश्यक संशोधन करने चाहिए। इसके बाद उन्होंने जय भाजपा भी लिखा है।
पूरे मामले पर गोपामऊ विधायक श्याम प्रकाश ने अमर उजाला से कहा कि किसानों को एमएसपी जरूर मिलना चाहिए। व्यवस्था भी सुदृढ़ होनी चाहिए, ताकि किसानों को हर हाल में एमएसपी मिले भी। श्याम प्रकाश ने कहा कि किसानों की सभी मांगों को माने जाने की बात उन्होंने नहीं कही, लेकिन जायज मांगों का संज्ञान लेकर कानून में संशोधन किया जाना चाहिए।