मध्यप्रदेश के कांग्रेस विधायक बाबू जंडेल ने विधानसभा परिसर में अपना ही गुस्से में अपना ही कुर्ता फाड़ डाला। मध्यप्रदेश में हाल ही में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित हुए लोगों को सरकार द्वारा कथित रूप से राहत नहीं दिए जाने के विरोध में उन्होंने ऐसा कदम उठाया। विधायक बाबू जंडेल मध्यप्रदेश के श्योपुर सीट से कांग्रेस विधायक हैं। मध्यप्रदेश विधानसभा का मॉनसून सत्र अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होने के तुरंत बाद सदन से बाहर निकलते ही जंडेल ने विधानसभा परिसर में अपना कुर्ता फाड़ दिया। इसके बाद में मीडिया से बात करते हुए जंडेल ने बताया कि उन्होंने पिछले सप्ताह उनके निर्वाचन क्षेत्र में आई भीषण बाढ़ के पीड़ितों को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की सरकार द्वारा तत्काल राहत नहीं पहुंचाने के विरोध में अपना कुर्ता फाड़ा है। उन्होंने कहा कि इस भीषण बाढ़ से मेरे विधानसभा क्षेत्र श्योपुर में लोग बहुत दयनीय स्थिति है। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि अब तक बाढ़ पीड़ितों को कोई मदद नहीं पहुंचाई गई है। जंडेल ने बताया कि भारतीय मौसम विभाग की ओर से इलाके में पहले से ही मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया था, इसके बावजूद स्थानीय प्रशासन ने इससे निपटने के लिए कोई इंतजाम नहीं किए। यह विनाशकारी बाढ़ दिन के समय आई। यदि रात के वक्त आई होती तो पूरा इलाका तबाह हो गया होता। उन्होंने कहा कि मैं इन बाढ़ पीड़ितों की बात सदन में रखना चाहता था, लेकिन मुझे बोलने का समय नहीं दिया गया। मध्यप्रदेश के ग्वालियर व चंबल संभागों में मूसलाधार बारिश के कारण एक अगस्त से आई बाढ़ से करीब 24 लोगों की मौत हुई है और हजारों लोग प्रभावित हुए। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने श्योपुर जिले सहित प्रदेश के ग्वालियर व चंबल संभागों में बाढ़ से हुई भयानक तबाही पर कहा था कि पिछले 70 सालों में ऐसी स्थिति नहीं देखी।
कांग्रेस विधायक का विधानसभा में कुर्ता फाड़ प्रदर्शन, बाढ़ प्रभावितों के मुद्दे पर थे नाराज
byThe Today Times
-
Tags
मध्यप्रदेश