शिवपुरी - अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर 8 मार्च को जिला न्यायाधीश श्रीमती अर्चना सिंह पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह चंदेल अपर कलेक्टर उमेश शुक्ला द्वारा बालिका शिक्षा, बाल विवाह एवं महिला हिंसा पर केंद्रित जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया था यह रथ शिवपुरी जिले के विभिन्न विकास खंडों में गांव गांव जाकर लोगों को प्रेरित कर रहा है। नुक्कड़ नाटक मंडली द्वारा ग्रामीणों को जानकारी दी जा रही है। उक्त रथ एवं मंडली के द्वारा सबसे कम लिंगानुपात वाले गांव में जाकर राज्य कन्या शिक्षा उत्सव के उपलक्ष्य में विशेष थीम "शालात्यागी बालिकाओं को शिक्षा से जोड़ने" पर केंद्रित नुक्कड़ नाटक का प्रदर्शन किया जा रहा है। तथा इन्ही विषयों पर केंद्रित पैंफलेट, ब्रोशर आदि ग्रामीणजनों को वितरित किये जा रहे हैं। जागरूकता रथ एवं नुक्कड़ नाटक मंडल 15 मार्च तक सभी ब्लॉक में रूट चार्ट के अनुसार कम लिंगानुपात वाले गांव में घूमकर प्रदर्शन करेगा।
महिला एवं बाल विकास अधिकारी ने बताया कि यह जागरूकता रथ अभी 8 मार्च से 13 मार्च तक कोलारस, बदरवास, खनियाधाना, पिछोर, करेरा और नरवर के गांव में भ्रमण कर चुका है। इसी क्रम में सोमवार 14 मार्च को यह रथ शिवपुरी के सतनवाड़ा, काकर, भानगढ़, मोहनगढ़, बूढ़ीबरौद, एरावन, सुभाषपुरा, गोवर्धन और बैराड़ में भ्रमण करेगा। इसके बाद 15 मार्च को जागरूकता रथ पोहरी विकासखंड में पोहरी, बिलूपुरा, हुसैनपुर, छर्च, भदेरा, धतूरिया, एसवाया, आकुर्सी, दुल्हारा लोहादेवी,गौंदरी, देवपुरा, विलौआ और कुंडी में भ्रमण करेगा।
Tags
शिवपुरी