शिवपुरी - शिवपुरी जिले में 27 एवं 28 जनवरी की रात्रि में विभिन्न ग्रामों में हुई ओलावृष्टि के संबंध में प्रारंभिक जानकारी प्राप्त हुई है। जानकारी के अनुसार लगभग 40 ग्रामों में चने के आकार के ओले गिरे, जिससे फसलों को 5 से 10 प्रतिशत तक की क्षति होने की रिपोर्ट प्राप्त हुई है।
संयुक्त कलेक्टर जे.पी. गुप्ता ने बताया कि कलेक्टर शिवपुरी के निर्देशन में प्रभावित ग्रामों में पटवारी, राजस्व निरीक्षक, कृषि एवं पंचायत विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा विस्तृत सर्वेक्षण कार्य किया जा रहा है। संबंधित तहसीलदारों को प्रभावित ग्रामों में सर्वे के निर्देश दिए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तहसील शिवपुरी के ठर्रा, ठर्री, रामखेड़ा, कुशियारा, चौकी, बमौरा, सुहारा, ठेह, मानकपुर, गिरमौरा, मैहदावली, मालाखेड़ी, खैरोना एवं मुडेनी, तहसील करैरा के करैरा, टीला, चिंनोद, बड़ोरा, खैराई, सिरसोना, रहरगवा, टोडा पिछोर, टोडा करैरा एवं बघरा साजोर, तथा तहसील रन्नौद के सिमलयाई, रिन्हारा, कुटवारा, अम्हारा, मोहराई, श्रीपुरचक्क, छापी, सिरनौदा, इंदार एवं रन्नौद सहित तहसील बदरवास के दो ग्राम एवं पिछोर तहसील के चार ग्राम प्रभावित हुए हैं इन ग्रामों में 1057 कृषक प्रभावित हुए हैं तथा गेहूं, चना, सरसों, धनिया एवं मसूर की फसलों को क्षति पहुंची है वहीं तहसील कोलारस, पोहरी, बैराड़, खनियाधाना एवं नरवर में किसी प्रकार की फसल क्षति नहीं हुई है।
Tags
Shivpuri