संपूर्णता अभियान 2.0 के तहत आकांक्षी ब्लॉक कोलारस एवं पिछोर में संतृप्ति की तैयारी, केंद्रीय प्रभारी अधिकारी ने किया निरीक्षण - Shivpuri


शिवपुरी - नीति आयोग के ‘आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम’ (ABP) अंतर्गत संचालित संपूर्णता अभियान 2.0 के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु भारत सरकार के हाउसिंग एंड अर्बन अफेयर्स के निदेशक एवं शिवपुरी जिले के केंद्रीय प्रभारी अधिकारी भानु प्रताप सिंह भदौरिया ने जिले के आकांक्षी ब्लॉकों कोलारस एवं पिछोर का सघन भ्रमण किया। 

उन्होंने स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा तथा कृषि सहित प्रमुख संकेतकों पर निर्धारित समय-सीमा में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए।

केंद्रीय प्रभारी अधिकारी ने कलेक्टर रवीन्द्र कुमार चौधरी एवं जिला पंचायत सीईओ विजय राज के साथ स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, कृषि, पशुपालन एवं एनआरएलएम विभाग के अधिकारियों की बैठक लेकर ‘संपूर्णता अभियान 2.0’ के तहत निर्धारित छह प्रमुख संकेतकों की प्रगति की समीक्षा की। 

उन्होंने अभियान को मिशन मोड में संचालित करते हुए 28 जनवरी से 14 अप्रैल 2026 की समयावधि में सभी मानकों पर पूर्ण संतृप्ति हासिल करने पर जोर दिया।

बैठक के पश्चात भदौरिया कोलारस पहुंचे, जहां सीएम राइज स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने बच्चों से संवाद कर व्यक्तिगत स्वच्छता एवं बालिका शौचालयों के महत्व पर चर्चा की उन्होंने बालिका क्रिकेट टीम से मुलाकात कर शिक्षा विभाग के प्रयासों की सराहना की और बच्चों की ऊर्जा को विकसित भारत की नींव बताया इस दौरान उन्होंने ‘पोषण ट्रैकर’ ऐप की कार्यप्रणाली का अवलोकन कर पूरक पोषण आहार, मापन दक्षता, स्वच्छता एवं पेयजल व्यवस्था की जानकारी ली साथ ही किसानों एवं योजनाओं के हितग्राहियों से संवाद किया तथा एफएमडी टीकाकरण से संबंधित तकनीकी समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

अडानी फाउंडेशन के सहयोग से संचालित सिलाई प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण कर स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के कार्यों की सराहना की।

अगले चरण में टीम आकांक्षी ब्लॉक पिछोर पहुंची, जहां स्वास्थ्य शिविर का निरीक्षण करते हुए प्रसव सेवाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़े संकेतकों की समीक्षा की गई उन्होंने टीबी केस नोटिफिकेशन बढ़ाने, नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने तथा डिजिटल तकनीकों के उपयोग पर बल दिया आजीविका भवन में संचालित इकाइयों का अवलोकन कर स्थानीय उत्पादों की बेहतर पैकेजिंग एवं ऑनलाइन विपणन से जोड़ने की सलाह दी।

केंद्रीय प्रभारी अधिकारी ने दोनों आकांक्षी ब्लॉकों के प्रदर्शन पर संतोष व्यक्त करते हुए सभी छह संकेतकों पर साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट तैयार करने तथा आंगनवाड़ी एवं विद्यालयों में शौचालय एवं पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाएं शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करने पर जोर दिया, ताकि तकनीकी समस्याएं प्रगति में बाधा न बनें दौरे के अंत में भदौरिया ने जिला टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि समन्वित प्रयासों से 14 अप्रैल तक सभी लक्ष्य प्राप्त कर लिए जाएंगे उन्होंने केंद्र सरकार की ओर से हर संभव सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म