नाबालिग के प्रेम-प्रसंग में जेल काटकर लौटा युवक, प्रेमिका संग उठाया आत्मघाती कदम — कोलारस में दिल दहला देने वाली घटना - Kolaras



कोलारस - कोलारस क्षेत्र के गुड़ा रोड पर रेलवे पटरी के समीप आज एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहाँ एक युवक और युवती के शव पेड़ से लटके मिले। इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और आसपास के गांवों में शोक व सन्नाटा पसरा हुआ है।

प्राप्‍त जानकारी के अनुसार मृतकों की पहचान मदनपुर (बदरवास) निवासी जितेंद्र धाकड़ और सोनम आदिवासी के रूप में हुई है। बताया गया है कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। बताया जा रहा है कि युवती के नाबालिग होने के कारण पूर्व में जितेंद्र को जेल भी जाना पड़ा था और वह हाल ही में सजा काटकर रिहा होकर लौटा था।

मृतिका सोनम वर्तमान में कोलारस के पास स्थित गुगवारा गांव में अपने नाना के घर रह रही थी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, जेल से रिहाई के बाद दोनों के सामने सामाजिक और पारिवारिक दबाव बढ़ गया था, जिससे मानसिक तनाव की स्थिति बनी हुई थी। आशंका जताई जा रही है कि इन्हीं परिस्थितियों के चलते दोनों ने यह आत्मघाती कदम उठाया।

घटना की सूचना मिलते ही कोलारस थाना पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी एवं FSL (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम मौके पर पहुंच गई। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि युवक की जेल से रिहाई के बाद ऐसी कौन-सी परिस्थितियां बनीं, जिनके कारण दोनों ने आत्महत्या जैसा कठोर कदम उठाया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म