शिवपुरी-कोलारस में साधु के भेष में ठगी का खेल, महिलाओं से नगदी व मंगलसूत्र ले उड़े ठग - Shivpuri



शिवपुरी - शिवपुरी जिले में इन दिनों साधु के वेश में सक्रिय ठगों का एक गिरोह महिलाओं को निशाना बना रहा है दान मांगने और भविष्य बताने के बहाने यह गिरोह लोगों को बातों में उलझाकर नगदी और गहनों की ठगी कर रहा है। 

इसी कड़ी में शिवपुरी शहर और कोलारस क्षेत्र में दो अलग-अलग ठगी की वारदातें सामने आई हैं। दोनों मामलों में पुलिस ने शिकायत दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पहली घटना शिवपुरी शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित वर्मा कॉलोनी की है। यहां प्रधान आरक्षक प्रताप नारायण शर्मा के घर साधु के वेश में एक ठग पहुंचा और उनकी पत्नी से दान के रूप में आटे की मांग की। महिला ने आटा दे दिया। इसके बाद जब वह दक्षिणा देने लगी तो कथित साधु ने लेने से इंकार कर दिया।

इसी दौरान उसने महिला को उसके घर-परिवार और घरेलू समस्याओं से जुड़ी बातें बतानी शुरू कीं और समाधान का झांसा देकर 7,500 रुपये नगद ले लिए। ठग के जाने के बाद महिला को ठगी का अहसास हुआ पति के घर लौटने पर पूरे मामले की जानकारी दी गई, जिसके बाद कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।

दूसरी घटना कोलारस थाना क्षेत्र में एसडीओपी कार्यालय के पास की है। कोलारस निवासी 50 वर्षीय उमा पत्नी पूरन परमार मंदिर दर्शन कर घर लौट रही थीं। तभी एक व्यक्ति ने खुद को अयोध्या से आया साधु बताते हुए बातचीत शुरू की।

कुछ देर बाद एक अन्य युवक वहां पहुंचा, जिसने खुद को पुलिसकर्मी बताया। दोनों ने मिलकर महिला को विश्वास में लिया और उसकी व्यक्तिगत बातें बताने लगे। इसके बाद कथित साधु ने महिला से मंगलसूत्र उतारकर हाथ में रखने को कहा, यह कहते हुए कि “विद्या तभी काम करेगी।” मंगलसूत्र दूसरे ठग के हाथ में दिलवाकर महिला से कहा गया कि 21 कदम आगे चलो और पीछे मत देखो, हनुमान जी के दर्शन होंगे। जब महिला ने पीछे मुड़कर देखा तो दोनों ठग बाइक से गुना की ओर फरार हो चुके थे।

दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है। कोलारस क्षेत्र के कैमरों में ठग बाइक से भागते हुए नजर आए हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म