![]() |
शिवपुरी - अपर सचिव, मध्यप्रदेश शासन पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, भोपाल द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार जल गंगा संवर्धन अभियान 2026 के आयोजन एवं क्रियान्वयन हेतु विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं अभियान का मुख्य उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से जल संरक्षण एवं संवर्धन को सुनिश्चित करना है।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के निर्देशानुसार इस अभियान का योजनाबद्ध क्रियान्वयन किया जा रहा है अभियान का राज्य स्तरीय शुभारंभ 19 मार्च को वर्ष प्रतिपदा के अवसर पर उज्जैन में किया गया है यह अभियान 19 मार्च से 30 जून 2026 तक संचालित रहेगा।
प्राप्त निर्देशों के क्रम में जिला शिवपुरी की समस्त 587 ग्राम पंचायतों में जनसहयोग से विभिन्न कार्य कराए जाएंगे। इनमें तालाबों की साफ-सफाई, गहरीकरण, गाद निकालना तथा बस स्टैंड एवं यात्री प्रतीक्षालयों पर पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करना शामिल है। साथ ही जल संरक्षण एवं संवर्धन के कार्यों को निरंतर जारी रखने की कार्ययोजना तैयार की गई है।
जिले में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में विभिन्न स्थानों पर अभियान का शुभारंभ किया गया।
ग्राम पंचायत गंगौरा (जनपद पंचायत शिवपुरी) में कलेक्टर, विधायक देवेंद्र जैन, जनपद पंचायत अध्यक्ष हेमलता रावत एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत की उपस्थिति में अभियान की शुरुआत की गई।
इसी क्रम में जनपद पंचायत करैरा की ग्राम पंचायत बघरा साजोर में तालाब गहरीकरण कार्य का शुभारंभ किया गया ग्राम पंचायत कैरुआ में भी जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में तालाब गहरीकरण कार्य प्रारंभ हुआ। जनपद पंचायत खनियाधाना की ग्राम पंचायत बामौरकला में यात्री प्रतीक्षालय पर पेयजल हेतु मटकों की व्यवस्था की गई।
इसके अतिरिक्त जनपद पंचायत पिछोर की ग्राम पंचायत सेमरी में भी अभियान का शुभारंभ करते हुए जलाशयों की साफ-सफाई का कार्य किया गया, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा सक्रिय सहभागिता निभाई गई।
जल गंगा संवर्धन अभियान में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के साथ अन्य संबंधित विभागों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए जल संरक्षण के कार्यों को जनआंदोलन के रूप में संचालित किया जा रहा है।
