शिवपुरी - शिवपुरी जिले में बैंकिंग कार्यों की समीक्षा हेतु गुरुवार को आयोजित बैठक में कलेक्टर रवींद्र कुमार चौधरी एवं जिला पंचायत सीईओ विजयराज ने शाखा प्रबंधकों, फील्ड स्टाफ, बैंक कर्मियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की।
समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने बताया कि 26 फरवरी को सभी शाखाओं एवं समितियों को 50 प्रतिशत वसूली का लक्ष्य दिया गया था, किन्तु शाखा करेरा एवं खतौरा द्वारा लक्ष्य की पूर्ति नहीं किए जाने पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की
बैठक में यह भी सामने आया कि शाखा बैराड़ एवं शिवपुरी द्वारा वसूली के प्रयास किए गए हैं, लेकिन कई समितियों में 20 प्रतिशत से भी कम वसूली दर्ज की गई है इनमें सिरसोद, गड़ीबरोड़, पोहरी, लुकवासा, बुढाडोंगर , खतौरा, इंदार, पिरोथ, करेरा, टीला, टोडापिछोर, करही, मनपुरा, दबियाकला, भाँती, करारखेड़ा एवं पीपलखेड़ा समितियां शामिल हैं। इस पर कलेक्टर ने गहरी अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए सुधार के निर्देश दिए।
कलेक्टर चौधरी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी शाखाएं एवं समितियां 31 मार्च तक शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करें, अन्यथा संबंधितों के विरुद्ध बैंक सेवा नियमों के तहत सख्त कार्यवाही की जाएगी इसके लिए बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को भी आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में शाखाओं की अमानतों में लगातार गिरावट पर भी चिंता व्यक्त की गई बताया गया कि कुल 23 करोड़ रुपये की कमी दर्ज की गई है सभी शाखा प्रबंधकों एवं स्टाफ को अमानतों में वृद्धि के लिए निर्धारित समय सीमा तक ठोस प्रयास करने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त गेहूं उपार्जन समर्थन मूल्य योजना के अंतर्गत पंजीकृत कृषकों में ऋणी कृषकों की लिंकिंग कर शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए साथ ही कृषकों को वितरित ऋण का भू-अभिलेख पोर्टल में इंद्राज करने एवं क्रिस योजना के माध्यम से वसूली हेतु राजस्व अधिकारियों से निरंतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए, जिससे कालातीत कृषकों से प्रभावी वसूली की जा सके।
Tags
Shivpuri
