पंजीयन विभाग शिवपुरी ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में लक्ष्य से अधिक अर्जित किया राजस्व - Shivpuri



शिवपुरी - वित्तीय वर्ष 2025-26 में संपदा 2.0 प्रणाली के पूर्णतः लागू होने के उपरांत शिवपुरी में पंजीयन विभाग द्वारा उल्लेखनीय राजस्व उपलब्धि प्राप्त की गई है विभाग द्वारा निर्धारित 190 करोड़ रुपये के लक्ष्य के विरुद्ध 197.86 करोड़ रुपये की आय अर्जित की गई, जो लक्ष्य के सापेक्ष लगभग 104 प्रतिशत है।


जिला पंजीयक दुष्यंत दीक्षित ने बताया कि ग्वालियर परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले 12 जिलों (ग्वालियर, सागर एवं चंबल संभाग) में जिला शिवपुरी ने कलेक्टर रवींद्र कुमार चौधरी के नेतृत्व में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है, जो जिले के लिए गौरव का विषय है। 


वर्ष के दौरान जिले में कुल 253 मुद्रांक प्रकरणों का निराकरण किया गया, जिनसे 72.49 लाख रुपये की मुद्रांक राशि प्राप्त हुई इसके अतिरिक्त 31 आर.आर.सी. प्रकरणों के निराकरण के माध्यम से 70.36 लाख रुपये की वसूली की गई, जो अब तक की सर्वाधिक उपलब्धि है।


पिछले तीन वित्तीय वर्षों में विभाग के राजस्व संग्रहण में निरंतर वृद्धि दर्ज की गई है वर्ष 2023-24 में 140 करोड़ रुपये के लक्ष्य के विरुद्ध 136.61 करोड़ रुपये तथा वर्ष 2024-25 में 157 करोड़ रुपये के लक्ष्य के विरुद्ध 160.91 करोड़ रुपये की आय अर्जित की गई थी। 


इस प्रकार जिला शिवपुरी प्रदेश के उन चुनिंदा जिलों में शामिल है, जिन्होंने निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप अथवा उससे अधिक राजस्व संग्रहण किया है।


जिला पंजीयक शिवपुरी द्वारा इस उपलब्धि का श्रेय कलेक्टर शिवपुरी के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन को देते हुए विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी गई है।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म