शिवपुरी - शिवपुरी जिले के पोहरी वन परिक्षेत्र में वन विभाग ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 40 हेक्टेयर वन भूमि को मुक्त कराया. यह कार्रवाई शुक्रवार को सबरेंज भैंसरावन अंतर्गत बीट धतुरिया और गढ़ा में की गई जहां लंबे समय से वन भूमि पर कब्जा किया गया था।
10 साल पुराने कब्जों पर चला बुलडोजर
वन विभाग के अनुसार, बीट धतुरिया के कक्ष क्रमांक पी.एफ. 848 और बीट गढ़ा के कक्ष क्रमांक पी.एफ. 849 में लगभग 10 वर्षों से अवैध अतिक्रमण किया गया था. विभाग ने नियमानुसार पहले नोटिस जारी किए और सभी वैधानिक प्रक्रियाएं पूरी करने के बाद कार्रवाई की.
भारतीय वन अधिनियम के तहत कार्यवाही
सभी कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद भारतीय वन अधिनियम, 1927 के तहत बेदखली आदेश जारी किए गए. इसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाया और जमीन को मुक्त कराया. कार्रवाई के दौरान बब्बू गुर्जर, सुगीम गुर्जर, कन्हैया गुर्जर, दिनेश भील, संतोष भील सहित करीब 12 लोगों द्वारा किए गए अवैध कब्जों को हटाया गया. वन विभाग ने अतिक्रमित भूमि को अपने कब्जे में ले लिया.
अधिकारियों की मौजूदगी में कार्यवाही
यह पूरी कार्यवाही वनमंडलाधिकारी (सामान्य) के मार्गदर्शन और उप वनमंडलाधिकारी के निर्देशन में संपन्न हुई. मौके पर वन परिक्षेत्राधिकारी श्रुति राठौर सहित वन विभाग का अमला मौजूद रहा और कार्रवाई को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया. वन विभाग ने साफ किया है कि वन भूमि पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा भविष्य में भी अतिक्रमण के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि वन संपदा का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।
Tags
shivpuri