भोपाल - उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने रीवा जिले के जवा विकासखंड में जल जीवन मिशन के प्रचिलत कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि हर घर को स्वच्छ जल पहुंचाने की इस महत्वपूर्ण योजना में नियत समय पर सभी कार्य पूर्ण कराएं तथा दिसम्बर माह तक सभी 419 ग्रामों में हर घर को स्वच्छ जल की उपलब्धता सुनिश्चित कराएं।
अतरैला के डब्ल्यूटीपी स्थल में आयोजित समीक्षा बैठक में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हर घर को स्वच्छ जल पहुंचाने की प्रधानमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना को पूरी गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूरा करें उन्होंने कहा कि इस योजना से ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को शहरों की तरह ही घर में स्वच्छ जल उपलब्ध होगा और दूषित पानी से होने वाली बीमारियों से छुटकारा मिलेगा उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जून माह से लेकर दिसंबर माह तक चरणबद्ध क्रम में निर्धारित ग्रामों के हर घर को स्वच्छ जल मिले इसके लिए टंकियों का निर्माण कार्य तथा पाइप लाइन डालने का कार्य त्वरित गति से किया जाए उन्होंने इंटेकवेल, डब्ल्यूटीपी एवं टंकियों के निर्माण की अद्यतन जानकारी विभागीय अधिकारियों से प्राप्त की शुक्ल ने कहा कि अतरैला सहित अन्य स्थानों में पाइपलाइन के लिए जो खुदाई की गई है उसको आगामी दो दिन में व्यवस्थित कराएं ताकि स्थानीय रहवासियों को असुविधा न हो उप मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्माण कार्यों में वन विभाग से अनुमति के लिए सूची उपलब्ध कराएं ताकि अनुमति दिलाई जा सके और कार्यों में विलंब न हो।
इस अवसर पर सांसद जनार्दन मिश्र ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस महत्वाकांक्षी योजना के कार्यों में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी उन्होंने कहा कि निर्माण एजेंसी तेज गति से कार्य करे और विभागीय अधिकारी सतत मॉनिटरिंग करें बैठक में विधायक सिरमौर दिव्यराज सिंह ने आवश्यक मार्गदर्शन दिया। बैठक में महाप्रबंधक जल निगम चित्रांशु ने बताया कि जून माह तक 33 ग्रामों में, सितंबर माह तक 229 गांवों में तथा दिसम्बर माह तक 419 गांवों में घर घर में स्वच्छ जल पहुंचा दिया जायेगा। निर्माण एजेंसी एनसीसी लिमिटेड द्वारा आयोजित बैठक में मुख्य अतिथि ने जल जीवन मिशन के कार्यों के लिए भूमि दानदाताओं का सम्मान किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती पूर्णिमा तिवारी, जनपद अध्यक्ष रवीना साकेत, उप मुख्यमंत्री जी के प्रतिनिधि राजेश पांडेय, एसडीएम पीयूष भट्ट, तहसीलदार जितेंद्र तिवारी, त्रियुगीनारायण शुक्ल सहित जल निगम के अधिकारी तथा स्थानीयजन उपस्थित रहे उप मुख्यमंत्री ने जोन्हा स्थित इंटेकवेल का निरीक्षण भी किया।
