कोलारस नगर परिषद के सब इंजीनियर गुप्ता के बदरवास घर से आधा करोड़ के करीब की नगदी एवं आभूषण चोरी - Kolaras

बदरवास - शिवपुरी जिले के कोलारस पुलिस अनुविभाग क्षेत्र के बदरवास थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 06 में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक सूने कमरे का फायदा उठाकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है चोरों ने घर के पिछले हिस्से में बनी किचन की खिड़की की ग्रिल उखाड़कर अंदर प्रवेश किया और अलमारी में रखे करीब 500 ग्राम सोने के जेवरात, 4 किलोग्राम चांदी और 10 लाख रुपये नगद समेटकर रफूचक्कर हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

परिजनों को कमरे में बंद कर दिया
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, फरियादी महेंद्र कुमार गुप्ता (58) पुत्र बाबू लाल गुप्ता निवासी वार्ड नंबर 06, बदरवास ने अपने बेटे हर्षित गुप्ता के साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है फरियादी ने बताया कि शुक्रवार (22 मई) की रात करीब 10 बजे वह अपनी पत्नी गिरजा गुप्ता, बेटे हर्षित और बहू पूनम गुप्ता के साथ खाना खाकर अपने-अपने कमरों में सोने चले गए थे।

चोरों ने शातिरपना दिखाते हुए उन कमरों की कुंडी बाहर से लगा दी जिनमें परिवार सो रहा था, ताकि कोई जागने पर भी बाहर न आ सके।

सुबह खुली खिड़की और बिखरा सामान देख उड़े होश
शनिवार (23 मई) की सुबह करीब 5 बजे जब महेंद्र कुमार गुप्ता जागे, तो उन्होंने देखा कि सामने के दोनों कमरों के दरवाजे बाहर से बंद थे जब उन्होंने बालकनी से झांककर देखा, तो उनके होश उड़ गए घर के पिछले हिस्से में स्थित किचन की खिड़की की लोहे की ग्रिल बाहर निकली हुई थी और मच्छर वाली जाली भी उखड़ी पड़ी थी।

जब परिजन जैसे-तैसे कमरे के अंदर पहुंचे, तो देखा कि अलमारी का ताला टूटा हुआ था और सारा सामान फर्श पर बिखरा पड़ा था।

पुश्तैनी जेवरातों पर किया हाथ साफ
फरियादी के मुताबिक, चोरी गए जेवरात उनके पिता और दादा के जमाने के (पुश्तैनी) थे। 

चोरी गए सामान की सूची इस प्रकार है:- 

सोने के जेवरात (कुल वजन करीब 500 ग्राम) :- 16 सोने की अंगूठी, 12 टॉप्स, 4 मंगलसूत्र, 1 ठुस्सी, 1 हार, 4 चूड़ी, 4 बाला, 1 गोल और 4 सोने की चैन व 4 मोहर।

चांदी के जेवरात (कुल वजन करीब 4 किलोग्राम): 20 जोड़ी पायल, 4 हैवी पायल, 2 कमरपेटा और 1 खगुरिया।

नगदी :- अलमारी में रखे ₹ 10 लाख रुपये नगद।
"चोरी गए सभी जेवरात हमारे पुश्तैनी थे, जिनके बिल हमारे पास सुरक्षित हैं और हम उन्हें पुलिस के समक्ष पेश कर रहे हैं सामने आने पर हम अपने जेवरातों को पहचान लेंगे" — महेन्द्र कुमार गुप्ता, फरियादी


पुलिस जांच में जुटी
बदरवास थाना पुलिस ने फरियादी की जुबानी रिपोर्ट पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं आशंका जताई जा रही है कि रेकी करने के बाद ही इस बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया है पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।

इनका कहना 
फरियादी द्वारा दी गई चोरी की जानकारी के अनुसार मामला दर्ज कर लिया गया है मौके का मुआयना कर सबूत जुटाए जा रहे है साथ ही पुलिस की टीम लगातार सर्चिंग करने में जुटी हुई है सीसीटीवी कमरे के आधार पर जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने में पुलिस को सफलता मिलेगी जिस पर पुलिस लगातार कार्यवाही में जुटी हुई है - एसडीओपी संजय मिश्रा कोलारस 

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म