संभावित अल्पवृष्टि को लेकर कृषि विभाग की एडवाइजरी जारी
शिवपुरी - मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार संभावित अल्पवृष्टि जैसी परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के मार्गदर्शन में कृषि विभाग एवं कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा जिले के किसानों के लिए खरीफ फसलों के संबंध में आवश्यक कृषि परामर्श जारी किया गया है विभाग द्वारा बताया गया है कि खरीफ वर्ष 2026 के दौरान संभावित अल्पवृष्टि की स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं तथा जिले में वर्षा की स्थिति, फसलों की प्रगति एवं मौसम पूर्वानुमानों की सतत समीक्षा की जा रही है।
पर्याप्त नमी होने पर ही करें बोनी
उप संचालक कृषि ने किसानों से अपील की है कि खेतों में पर्याप्त मृदा नमी होने पर ही खरीफ फसलों की बोनी करें। यदि बोनी में विलंब की स्थिति बनती है तो उड़द, मूंग, तिल, बाजरा एवं मूंगफली जैसी कम अवधि एवं कम पानी की आवश्यकता वाली फसलों को प्राथमिकता दें। वहीं सोयाबीन, मक्का एवं धान की शीघ्र पकने वाली अनुशंसित किस्मों का चयन करें।
नमी संरक्षण एवं संतुलित उर्वरक उपयोग की सलाह
कृषि विभाग ने किसानों को खेतों में मेड़बंदी, अंतर-निराई एवं वर्षा जल संरक्षण जैसे उपाय अपनाने तथा पर्याप्त वर्षा होने के बाद ही संतुलित एवं अनुशंसित उर्वरकों का उपयोग करने की सलाह दी है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि वर्तमान परिस्थितियों में वर्षा होने के उपरांत खरीफ वर्ष 2026 की सभी फसलों की बोनी की जा सकती है तथा बोनी में किसी प्रकार की विलंब संबंधी समस्या नहीं है।
कृषि विशेषज्ञों के संपर्क में रहें किसान
कृषि विभाग ने किसानों से आग्रह किया है कि वे कृषि विस्तार अधिकारियों एवं कृषि विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञों के सतत संपर्क में रहकर मौसम आधारित कृषि परामर्शों का पालन करें, जिससे संभावित विपरीत परिस्थितियों में भी फसलों का बेहतर प्रबंधन किया जा सके।
