शिवपुरी - शिवपुरी कोतवाली पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत सराहनीय कार्रवाई करते हुए 13 वर्षीय लापता बालिका को सकुशल दस्तयाब कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बालिका के मिलने से परिवार के चेहरे पर एक बार फिर मुस्कान लौट आई।
जानकारी के अनुसार, 25 जून 2026 को फरियादी द्वारा अपनी 13 वर्षीय पुत्री के शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर, शिवपुरी से बिना बताए चले जाने की सूचना कोतवाली थाने में दर्ज कराई गई थी बालिका के नाबालिग होने के कारण पुलिस ने तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई टीम ने लगातार संभावित स्थानों पर तलाश की, लोगों से पूछताछ की और तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर खोजबीन जारी रखी अंततः 2 जुलाई को बालिका को मृगवास, जिला गुना से सकुशल दस्तयाब कर लिया गया।
पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद बालिका को उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया अपनी बेटी को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों ने शिवपुरी पुलिस का आभार व्यक्त किया और ऑपरेशन मुस्कान की इस कार्रवाई की सराहना की।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक रोहित दुबे, उप निरीक्षक मुरारी यादव, प्रधान आरक्षक बीरबल तथा आरक्षक सीतू सिंह की विशेष भूमिका रही।
Tags
Shivpuri