शिवपुरी - मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना के अंतर्गत आयोजित सिंगल क्लिक कार्यक्रम में प्रदेशभर के हितग्राहियों के बैंक खातों में अनुग्रह सहायता राशि का ऑनलाइन अंतरण किया गया।
इसी क्रम में जिला शिवपुरी के 404 हितग्राहियों को मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना के तहत कुल 8 करोड़ 69 लाख रुपए की सहायता राशि सीधे उनके बैंक खातों में अंतरित की गई यह सहायता राशि असंगठित क्षेत्र के पंजीकृत श्रमिकों एवं उनके परिवारों को सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से उपलब्ध कराई गई है।
एनआईसी शिवपुरी के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजय राज, श्रम निरीक्षक यतेन्द्र सिंह भदौरिया एवं श्रम उपनिरीक्षक बृंदावन सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं हितग्राही उपस्थित रहे।
सामाजिक सुरक्षा का सशक्त माध्यम है संबल योजना
मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना असंगठित क्षेत्र के पंजीकृत श्रमिकों एवं उनके आश्रित परिवारों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने की राज्य शासन की महत्वपूर्ण योजना है। इसके अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को अनुग्रह सहायता, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराया जा रहा है।
पात्र श्रमिकों से योजनाओं का लाभ लेने की अपील
श्रम पदाधिकारी ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है पात्र प्रकरणों का नगरीय निकायों एवं जनपद पंचायतों के सहयोग से त्वरित निराकरण किया जा रहा है, ताकि हितग्राहियों को बिना विलंब योजनाओं का लाभ मिल सके।
विभाग ने जिले के सभी पंजीकृत श्रमिकों से अपील की है कि वे मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना के अंतर्गत उपलब्ध विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ प्राप्त करें तथा आवश्यकता होने पर संबंधित नगरीय निकाय, जनपद पंचायत अथवा श्रम विभाग कार्यालय से संपर्क कर योजना की विस्तृत जानकारी प्राप्त करें।
Tags
Shivpuri