शिवपुरी - कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार जिले में शासकीय सेवाओं के सुचारू संचालन, शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार, मध्याह्न भोजन एवं खाद्यान्न की पारदर्शी वितरण व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से समस्त राजस्व अधिकारियों द्वारा शासकीय विद्यालयों, आंगनवाड़ी केंद्रों एवं शासकीय उचित मूल्य दुकानों का सघन औचक निरीक्षण किया गया।
कोलारस अनुभाग में एसडीएम अनूप श्रीवास्तव ने ग्राम कूड़ा स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय एवं आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया निरीक्षण के दौरान आंगनवाड़ी केंद्र में कार्यकर्ता श्रीमती हर्षा शर्मा अनुपस्थित पाई गईं तथा केंद्र में एक भी बच्चा उपस्थित नहीं मिला, जिस पर संबंधित कार्यकर्ता के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
निरीक्षण के दौरान करैरा तहसीलदार ललित शर्मा ने शासकीय एकीकृत स्कूल ग्राम टीला का जायजा लिया इस दौरान विद्यालय परिसर के बाहर ग्राम का बालक कान्हा केवट मिला, जिसने इसी वर्ष कक्षा 8वीं उत्तीर्ण की थी, लेकिन आर्थिक तंगी व पारिवारिक परिस्थितियों के कारण आगे पढ़ने में असमर्थ था तहसीलदार शर्मा ने बालक कान्हा का पुनः शाला में विधिवत प्रवेश करवाया और उसे आगे की पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रेरित किया।
इसी क्रम में शिवपुरी में तहसीलदार सिद्धार्थ शर्मा, शिप्रा उपाध्याय एवं कल्पना शर्मा ने व्ही. टी. पी. उच्चतर माध्यमिक विद्यालय शिवपुरी, वार्ड क्रमांक 02 विवेकानंद कॉलोनी स्थित आंगनवाड़ी केंद्र, तथा शासकीय माध्यमिक विद्यालय व आंगनवाड़ी केंद्र सतनवाड़ा कलां का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को परखा।
समस्त राजस्व अधिकारियों में आज अभियान के तौर पर अपने-अपने क्षेत्र में स्थित शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण किया करैरा एसडीएम अनुपम शर्मा और पिछोर एसडीएम श्रीमती ममता शाक्य भी निरीक्षण के लिए पहुंची।
पोहरी एसडीएम जेपी गुप्ता, बैराड़ तहसीलदार द्रगपाल सिंह बैश और कार्यपालिक मजिस्ट्रेट अजय परसेडिया ने पोहरी अनुभाग के दर्जन भर से अधिक स्कूल, आंगनवाड़ी केंद्र, पीडीएस दुकान, खाद्य गोदाम और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया उन्होंने शासकीय प्राथमिक विद्यालय कामलाखेड़ी, ईजीएस विद्यालय आनंदपुर झिरी, आंगनवाड़ी केंद्र अतवेई, पीडीएस दुकान, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र झिरी, शासकीय प्राथमिक विद्यालय सड़, ग्राम ककरई के प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालय, एकीकृत माध्यमिक विद्यालय श्रीपुरा का निरीक्षण किया निरीक्षण में कई जगह गंभीर खामियां मिलीं और संबंधितों को नोटिस जारी करने की कार्यवाही की जा रही है।
कलेक्टर अर्पित वर्मा के निर्देशानुसार निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों के पठन-पाठन का स्तर परखा, आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों की उपस्थिति व पोषण आहार वितरण की स्थिति जाँची तथा राशन दुकानों पर खाद्यान्न की उपलब्धता व भंडारण का भौतिक सत्यापन किया इसके अतिरिक्त जिले के अन्य क्षेत्रों में भी राजस्व अधिकारियों द्वारा विभिन्न शासकीय संस्थानों के औचक निरीक्षण की कार्रवाई निरंतर जारी है, तथा अधिकारियों ने सभी संबंधित अमले को व्यवस्थाओं में पूर्ण पारदर्शिता और उच्च गुणवत्ता बनाए रखने के कड़े निर्देश दिए हैं।


