दूसरा प्लेटफार्म, फुट ओवर ब्रिज बनाने सहित नई गाड़ियां चलाने, गाड़ियों के विस्तार और आवृत्ति बढ़ाने की जताई जरूरत
बदरवास - गुना–इटावा रेल लाइन के महत्वपूर्ण स्टेशन बदरवास पर यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांगों को लेकर सामाजिक संस्था रेलवे सुविधा संघर्ष समिति बदरवास ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव,केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया,अध्यक्ष रेलवे बोर्ड, पश्चिम मध्य रेलवे के जीएम सहित डीआरएम को 11 सूत्रीय मांगपत्र भेजकर स्टेशन पर बुनियादी यात्री सुविधाओं के विस्तार और लंबी दूरी की उज्जैनी एक्सप्रेस, बांद्रा एक्सप्रेस सहित अन्य मुख्य ट्रेनों के स्टॉपेज की पुरजोर मांग की है।
रेलवे सुविधाओं हेतु लगातार प्रयासरत सामाजिक संस्था रेलवे सुविधा संघर्ष समिति के गोविन्द अवस्थी,मनीष बैरागी , कपिल परिहार ने मांगपत्र की जानकारी देते हुए बताया कि बदरवास स्टेशन पर लंबी दूरी की ट्रेनों के स्टॉपेज करने सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं बढ़ाने के लिए लगातार मांग की जाती रही है लेकिन रेलवे इस ओर यात्रियों की सुविधाओं के प्रति गंभीर नहीं है जबकि अनेक वर्षों से यात्री सुविधाओं से जुड़ी इन मांगों को लगातार उठाया जा रहा है।
इन पांच प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की है मांग
मांगपत्र में क्षेत्र के यात्रियों की सहूलियत के लिए उज्जैनी एक्सप्रेस (14309/14310), झांसी - बांद्रा एक्सप्रेस (22195/22196), लक्ष्मीबाई नगर - योगनगरी ऋषिकेश एक्सप्रेस (14317/14318), ग्वालियर - बंगलौर एक्सप्रेस (11085/11086) और अमृतसर - इंदौर एक्सप्रेस (19325/19326) का बदरवास स्टेशन पर स्टॉपेज देने की मांग की गई है समिति का कहना है कि इन ट्रेनों के रुकने से क्षेत्र की देश के धार्मिक और बड़े शहरों दिल्ली, हरिद्वार ऋषिकेश, मुंबई, बंगलौर इंदौर उज्जैन, मथुरा, अमृतसर से सीधी कनेक्टिविटी हो जाएगी जिससे विद्यार्थियों, नौकरी पेशा, व्यापारियों, मरीजों, धार्मिक यात्रियों को सुविधा मिल सकेगी।
अमृत भारत योजना में शामिल करने और इंफ्रास्ट्रक्चर सुधार पर जोर
बदरवास स्टेशन के कायाकल्प के लिए इसे अमृत भारत योजना में शामिल करने की मांग की गई है इसके अलावा प्लेटफॉर्म पर धूप-बरसात से बचाव के लिए बड़ा टीनशेड लगाने, दूसरे प्लेटफॉर्म का निर्माण करने और यात्रियों के सुरक्षित आवागमन के लिए फुट ओवर ब्रिज बनाने की आवश्यकता जताई गई है सुरक्षा के मद्देनजर स्टेशन पर आरपीएफ आउट पोस्ट खोलने, रिजर्वेशन काउंटर शुरू करने, कोच डिस्प्ले बोर्ड लगाने व्यापारिक माल भाड़े के लिए रैक प्वाइंट बनाने का भी आग्रह किया गया है।
नई ट्रेनें चलाने,मार्ग परिवर्तन और गाड़ियों के विस्तार की रखी मांग
समिति के मांगपत्र में गुना - ग्वालियर के बीच दिन में नई मेमू ट्रेन चलाने, इंदौर - ऊना हिमाचल एक्सप्रेस को प्रतिदिन करने तथा उधना - बनारस व ग्वालियर-दौंड एक्सप्रेस के फेरे सप्ताह में चार दिन करने का प्रस्ताव दिया गया है शिवपुरी गुना होकर दिल्ली से इंदौर वंदे भारत या अन्य ट्रेन और इंदौर उज्जैन से अयोध्या के लिए गुना - शिवपुरी होकर नई ट्रेन शुरू करने की मांग की गई है इसके साथ ही कोटा - इटावा एक्सप्रेस को कानपुर तक, ग्वालियर - बीना पैसेंजर को कटनी / जबलपुर तक और ग्वालियर - भोपाल इंटरसिटी को दिल्ली तक बढ़ाने का आग्रह किया गया है मालवा एक्सप्रेस और इंदौर बरेली एक्सप्रेस का मार्ग परिवर्तन कर शिवपुरी गुना होकर चलाए जाने की मांग भी की गई है इसके साथ ही ट्रेनों के यात्रा समय में कटौती करने, ऊना हिमाचल एक्सप्रेस को इंदौर से सुबह सात बजे चलाने की बात भी कही गई है।
यात्रियों की सुविधाओं पर सहानुभूतिपूर्वक निर्णय ले रेल मंत्रालय
रेलवे सुविधा संघर्ष समिति के गोविन्द अवस्थी ने बताया कि बदरवास क्षेत्र के हजारों यात्रियों, बुजुर्गों, मरीजों, धार्मिक यात्रियों और व्यापारियों को ट्रेनों के ठहराव न होने से परेशानी उठानी पड़ रही है क्षेत्र के जनहित को देखते हुए मांगपत्र में वर्णित मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर जल्द से जल्द आदेश जारी किए जाएं।
