कोलारस - मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत कोलारस में आयोजित शिविर में उस समय प्रशासनिक और राजनीतिक व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो गए, जब मंच पर भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों को अपेक्षित सम्मान और स्थान नहीं मिलने से भाजपा नेता हरवीर रघुवंशी नाराज हो गए कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों की कथित उपेक्षा को लेकर उन्होंने सार्वजनिक रूप से अपनी नाराजगी जाहिर की, जिससे कुछ देर के लिए कार्यक्रम का माहौल असहज हो गया।
बताया जा रहा है कि शिविर में शासन की योजनाओं से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किया गया था, लेकिन मंचीय व्यवस्थाओं में भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों को उचित स्थान नहीं मिलने से नाराजगी सामने आई।
भाजपा नेता हरवीर रघुवंशी ने इस बात पर आपत्ति जताई कि जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी के बावजूद उन्हें मंच पर अपेक्षित सम्मान नहीं दिया गया।
मामला बढ़ता देख प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा
कलेक्टर अर्पित वर्मा ने स्थिति को संभालते हुए सभी भाजपा नेताओं को मंच पर बुलाया इसके बाद कलेक्टर ने स्वयं अपने हाथों से शासन की योजनाओं से संबंधित प्रमाण-पत्रों का वितरण करवाया कलेक्टर के हस्तक्षेप के बाद कार्यक्रम की स्थिति सामान्य हो सकी और भाजपा नेताओं को भी मंच पर स्थान दिया गया।
पूरे घटनाक्रम ने शिविर की व्यवस्थाओं और मंच संचालन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं सरकारी कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के प्रोटोकॉल और सम्मान को लेकर पैदा हुई स्थिति ने आयोजकों की तैयारियों पर भी सवालिया निशान लगा दिया यदि शुरुआत से ही मंचीय व्यवस्थाओं में सभी संबंधित जनप्रतिनिधियों को उचित स्थान और सम्मान दिया जाता तो संभवतः कार्यक्रम के दौरान इस तरह की असहज स्थिति पैदा नहीं होती।
राजनीतिक रूप से भी यह घटनाक्रम चर्चा का विषय बन गया है मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम में सरकार की योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यों को प्रमुखता मिलनी थी, लेकिन मंच पर सम्मान को लेकर उठा विवाद कुछ समय के लिए कार्यक्रम पर ही हावी होता दिखाई दिया कलेक्टर के हस्तक्षेप के बाद भले ही मामला शांत हो गया, लेकिन इस घटनाक्रम ने स्थानीय स्तर पर प्रशासन और भाजपा नेताओं के बीच समन्वय की स्थिति पर सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं।
Tags
Kolaras