कोलारस - शिवपुरी जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोलारस थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है पुलिस ने अवैध देशी पिस्टल और जिंदा कारतूस लेकर घूम रहे एक आरोपी को धर दबोचा है आरोपी के खिलाफ मारपीट, धमकी और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
मामला क्या है - पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक शिवपुरी श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया ने जिले में आपराधिक गतिविधियों और अवैध हथियारों पर नकेल कसने के कड़े निर्देश दिए हैं इन निर्देशों के पालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर. डी. प्रजापति एवं एसडीओपी कोलारस संजय मिश्रा के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई बीते 10 अगस्त 2026 को फरियादी परमाल यादव (निवासी सैसई) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी दीपक बाथम और दीपू राजपूत ने उनके साथ गालियां देते हुए मारपीट की इस दौरान आरोपी दीपक बाथम अपने पास अवैध पिस्टल रखकर उन्हें जान से मारने की धमकी दे रहा था।
पुलिस के अनुसार पडोरा पुल के पास से दबोचा गया आरोपी -
शिकायत मिलने के बाद कोलारस पुलिस ने तुरंत एक विशेष टीम का गठन किया। विवेचना के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी सैसई सड़क इलाके में मौजूद है।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पडोरा पुल के नीचे, कोटा रोड की तरफ जाने वाले मार्ग से आरोपी दीपक बाथम (पुत्र मुंशी बाथम, उम्र 32 वर्ष, निवासी पठार मोहल्ला, सैसई सड़क) को अपनी गिरफ्त में ले लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक अवैध देशी पिस्टल और दो जिंदा राउंड बरामद किए गए। पुलिस ने हथियार को विधिवत जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और कोलारस न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है।
सराहनीय भूमिका - इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने में थाना प्रभारी निरीक्षक पुनीत बाजपेयी, सउनि अमृतलाल भिलाला, प्रधान आरक्षक रघुवीर पाल (क्र. 15) और प्रधान आरक्षक नरेश यादव (क्र. 142) की सराहनीय और प्रमुख भूमिका रही।
