शिवपुरी - शिवपुरी जिले में लंबित वारंटों की तामीली और न्यायालयीन कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक शिवपुरी यांगचेन डोलकर भूटिया ने रविवार को पुलिस कंट्रोल रूम में जिले के समस्त कोर्ट मुंशियों की बैठक ली। बैठक में न्यायालय से जुड़े पुलिस कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों-कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
एसपी ने निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों, चिन्हित प्रकरणों तथा जेल में बंद आरोपियों से संबंधित वारंटों की शत-प्रतिशत तामीली सुनिश्चित की जाए। यदि किसी वारंट की तामीली नहीं हो पाती है तो थाना प्रभारी को उसका स्पष्ट कारण दर्ज करते हुए रोजनामचा और वारंट रजिस्टर में एंट्री करना होगी। इसकी नियमित मॉनिटरिंग एसडीओपी स्तर से की जाएगी।
बैठक में न्यायालय से प्राप्त ई-समन और वारंटों की अधिक से अधिक तामीली कराने के निर्देश दिए गए। वारंट तामीली में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित को नोटिस जारी करने की बात भी कही गई।
एसपी ने उच्च न्यायालय से जारी वारंटों को लेकर भी निर्देश दिए कि भले ही उनमें समयावधि अधिक हो, लेकिन वारंट जारी होने की तारीख से ही उनकी तामीली के प्रयास शुरू किए जाएं। तामीली संभव नहीं होने की स्थिति में वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल अवगत कराया जाए, ताकि समय रहते आगे की कार्रवाई की जा सके।
इसके अलावा न्यायालय से सजा होने के बाद सजायाफ्ता की जानकारी थाने की VCNV में दर्ज कराने तथा न्यायालय से प्राप्त आदेशों से थाना प्रभारी को अवगत कराने के निर्देश दिए गए। थाना प्रभारी द्वारा इसकी जानकारी वरिष्ठ कार्यालय तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाएगा।
साक्षियों की पेशी को लेकर भी विशेष निर्देश दिए गए। थाना प्रभारी और कोर्ट मुंशी साक्षियों को तारीख एवं पेशी की सूचना देंगे। साक्षियों को एडीपीओ के पास ले जाकर आवश्यक समझाइश देने तथा न्यायालय में सही कथन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। पेशी पर नहीं आने वाले साक्षियों की जानकारी वरिष्ठ कार्यालय को देने के लिए भी कहा गया।
बैठक में कोर्ट मुंशियों को अपने-अपने थानों के खात्मा-खारजी प्रकरणों का मिलान कर अधिक से अधिक प्रकरणों की स्वीकृति कराने तथा लंबित चालानों को शीघ्र न्यायालय में प्रस्तुत कराने के निर्देश दिए गए।
एसपी ने स्पष्ट किया कि न्यायालयीन कार्य पुलिस व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है और इसमें किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी या लापरवाही नहीं होनी चाहिए। बैठक के दौरान वारंट तामीली सहित न्यायालय से संबंधित कार्यों में बेहतर समन्वय और गति लाने पर विशेष जोर दिया गया है।
Tags
Shivpuri